शादी की खुशियां मातम में बदलीं! बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने रौंदा, 4 की मौत

Patna Road Accident: पटना के बाढ़ में बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी, जिसमें तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, राजस्थान में तीर्थयात्रियों की गाड़ी ट्रक से टकराने पर एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई।

Shalni Kumari
Published on: 22 Nov 2026 10:38 AM IST
Scorpio Hiva Collision
X

Barh Accident

Patna Road Accident: बिहार के पटना में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब बारात से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार हाइवा ने गाड़ी को ऐसी टक्कर मारी कि मौके पर ही चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम छा गया।

शादी से लौटते वक्त काल बनकर आया हाइवा

यह दर्दनाक हादसा पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से एक बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को तत्काल बाढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

हादसे की जानकारी मिलते ही अथमलगोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उधर, घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

राजस्थान में भी भीषण हादसा

सड़क हादसे की एक और दर्दनाक घटना राजस्थान से सामने आई है। कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास आधी रात को तीर्थयात्रियों से भरी एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे। सभी खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे। दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। हादसे की खबर मिलने पर पीड़ित परिवार का एक सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंचा। उसने बताया कि वे खाटू श्याम से धार की ओर जा रहे थे, तभी फोन पर दुर्घटना की सूचना मिली।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story