TRENDING TAGS :
तेजस्वी के गढ़ में PM मोदी की एंट्री, गमछा लहराया; न्योता मिलने पर भी क्यों नहीं पहुंचे RJD नेता?
Nitish Setu Inauguration: पीएम नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र राघोपुर में नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। जिसके बाद गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। वहीं न्योता के बाद भी तेजस्वी यादव नहीं पहुंचें। जानिए क्या है वजह?
Nitish Setu Inauguration
Nitish Setu Inauguration: बिहार की राजनीति में शुक्रवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र राघोपुर पहुंचे, लेकिन उनके साथ मंच पर स्थानीय विधायक तेजस्वी नजर नहीं आए। पीएम मोदी ने यहां गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया और पुल पर कुछ देर रुककर चहलकदमी भी की। इस दौरान उन्होंने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। खास बात यह रही कि बिहार सरकार की ओर से उद्घाटन समारोह में तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। ऐसे में विकास परियोजना के उद्घाटन के साथ-साथ यह आयोजन राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया।
पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम हाल ही में बिहार की सम्राट सरकार ने 'नीतीश सेतु' रखा है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री कुछ देर पुल पर रुके। उन्होंने यहां चहलकदमी की और गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे।
पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी गांव पहुंचे, जहां जनसभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में राघोपुर विधायक और आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह शामिल नहीं हुए।
(वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
न्योते के बाद भी नहीं पहुंचे विधायक
राघोपुर को बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां से तेजस्वी यादव लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इससे पहले उनकी मां और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जबकि उनके पिता लालू प्रसाद यादव यहां से दो बार विधायक रह चुके हैं।
ऐसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र में प्रधानमंत्री का दौरा और पुल का उद्घाटन अपने आप में चर्चा का विषय रहा। बिहार सरकार ने कार्यक्रम में स्थानीय विधायक होने के नाते तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। उनके शामिल नहीं होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नीतीश सेतु के नामकरण पर पहले ही छिड़ चुका है विवाद
कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने इस सिक्सलेन पुल के नाम को लेकर भी बिहार में सियासी विवाद सामने आया था। सम्राट सरकार ने पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा, जिस पर विपक्ष ने आपत्ति जताई।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मांग की थी कि इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाना चाहिए। इस मांग के जरिए आरजेडी ने पुल के नामकरण को लेकर सरकार के फैसले पर सवाल उठाए थे।
महात्मा गांधी और जेपी सेतु पर कम होगा वाहनों का दबाव
नीतीश सेतु को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहतर बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके पूरी तरह चालू होने के बाद महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
इस पुल से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक इस इलाके के लोगों को पटना से सीधी सड़क कनेक्टिविटी के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। पुल के पूरी तरह चालू होने से राघोपुर के लोगों को सालभर पटना तक सीधा सड़क संपर्क मिल सकेगा।


