TRENDING TAGS :
वैशाली में PM मोदी का मेगा शो आज! 20 हजार जवान, 14 पार्किंग और लाखों की भीड़... जानें पूरा प्लान
PM Modi Vaishali Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी, 14 पार्किंग स्थल और 60 LED स्क्रीन लगाई गई हैं। जानिए सुरक्षा, ट्रैफिक और रूट प्लान की पूरी जानकारी।
Narendra Modi Bihar Visit
PM Modi Vaishali Rally: बिहार की राजनीति और विकास के लिहाज से आज वैशाली का जाफरपट्टी इलाका देशभर की नजरों में रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर यहां बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। करीब 20 लाख वर्गफीट में फैले विशाल सभा स्थल पर लाखों लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुरक्षा से लेकर लोगों के खाने-पीने, स्वास्थ्य और पार्किंग तक के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि लोगों की सुविधा के लिए 60 एलईडी स्क्रीन, 14 पार्किंग स्थल और सैकड़ों अस्थायी जनसुविधाएं तैयार की गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार, 21 नवंबर को वैशाली पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 1:20 बजे रुस्तमपुर पहुंचेंगे। यहां नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के बाद सड़क मार्ग से पुल पार करते हुए जाफरपट्टी स्थित सभा स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री खुले वाहन से गुजरकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, दोपहर 3:15 बजे वह जाफरपट्टी से रवाना होंगे।
20 हजार से अधिक जवान संभालेंगे सुरक्षा
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वैशाली जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। जमुई से बक्सर, बेतिया से मुजफ्फरपुर और पटना समेत कई जिलों से पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बुलाया गया है। केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात हैं।
प्रधानमंत्री के मंच, हेलीपैड और आसपास के संवेदनशील इलाकों की निगरानी एसपीजी के जिम्मे है। रुस्तमपुर में नीतीश सेतु के लोकार्पण स्थल से लेकर गंगा नदी और जनसभा स्थल तक सुरक्षा का घेरा बनाया गया है। सभा स्थल पर प्रवेश के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) लगाए गए हैं। वहीं, गंगा नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट रखा गया है।
60 LED स्क्रीन पर देख सकेंगे PM का संबोधन
विशाल सभा स्थल पर आने वाले लोगों को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम देखने में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग हिस्सों में 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। आयोजन स्थल पर भव्य मंच तैयार किया गया है। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का निर्देश दिया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
पानी के लिए 32 टैंक, लोगों के लिए 540 शौचालय
लाखों लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया है। सभा स्थल पर 32 पेयजल टैंक, 17 बोरिंग और 180 रनिंग वाटर टैप लगाए गए हैं। इसके अलावा दर्शक दीर्घा में 140 वाटर डिस्पेंसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वच्छता के लिए कुल 540 शौचालय बनाए गए हैं। इनमें मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 300 शौचालय शामिल हैं। इनमें 150 पुरुषों और 150 महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पार्किंग और दूसरे स्थानों पर 240 शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
27 मेडिकल कैंप और 25 एंबुलेंस रहेंगी तैनात
इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने भी आपातकालीन तैयारियां की हैं। अलग-अलग जगहों पर 27 मेडिकल कैंप बनाए गए हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
आगजनी की आशंका से निपटने के लिए 30 अग्निशमन वाहनों को महत्वपूर्ण स्थानों पर रखा गया है। वहीं, सड़क पर किसी वाहन के खराब होने या दुर्घटना के कारण जाम की स्थिति बनने पर उसे हटाने के लिए 25 क्रेन की व्यवस्था की गई है।
14 पार्किंग स्थल, हर जोन में फूड कोर्ट और कंट्रोल रूम
दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने 14 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। प्रत्येक पार्किंग जोन में फूड कोर्ट, मेडिकल कैंप और कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका उद्देश्य है कि दूर-दराज से आने वाले लोगों को भोजन, इलाज और जरूरी सहायता के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।
पटना, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर से आने वालों के लिए रूट चार्ट
प्रशासन ने अलग-अलग जिलों से वैशाली पहुंचने वाले वाहनों के लिए सात प्रमुख रूट निर्धारित किए हैं। इन मार्गों से आने वाले वाहनों को संबंधित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।
1. पटना और जहानाबाद: गांधी सेतु से पासवान चौक अंडरपास, एनएच-322, हनुमान चौक, बिदुपुर, चकसिकंदर और बनारसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया एफ पहुंचना होगा। दूरी करीब 19 किलोमीटर है।
2. पटना और नालंदा: कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल से बनारसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया एफ तक पहुंचने का रास्ता निर्धारित किया गया है। दूरी करीब 16 किलोमीटर है।
3. पटना और सारण: जेपी सेतु/गंडक पुल से रामाशीष चौक, महुआ मोड़, महुआ-ताजपुर रोड, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया ई पहुंचना होगा। दूरी करीब 34.5 किलोमीटर है।
4. मुजफ्फरपुर मार्ग-1: एनएच-22 से महुआ मोड़, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया ई तक पहुंचना होगा। दूरी करीब 78.5 किलोमीटर है।
5. मुजफ्फरपुर मार्ग-2: कांटी से महुआ बाजार गांधी चौक, कुशहर चौक, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया ई पहुंचने का रास्ता तय किया गया है। दूरी करीब 51.5 किलोमीटर है।
6. समस्तीपुर मार्ग-1: ताजपुर-महुआ रोड से एनएच-49, ताजपुर बाईपास, कुशहर चौक, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया ई पहुंचना होगा। दूरी करीब 59.5 किलोमीटर है।
7. समस्तीपुर मार्ग-2: मुसरीघरारी/सरायरंजन से शाहपुर पटोरी, एनएच-322, जंदाहा पासवान चौक, गाजीपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग एरिया ई पहुंचने का रास्ता निर्धारित किया गया है। दूरी करीब 41.5 किलोमीटर है।
दोपहर 12 बजे से बनारसी चौक पर प्रतिबंध
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर 21 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। बनारसी चौक पर दोपहर 12 बजे से यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रात 8 बजे तक बंद रहेगी। महात्मा गांधी सेतु पर भी सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है।
समस्तीपुर से वैशाली आने वाले मार्गों पर भी रात 8 बजे तक ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। समस्तीपुर से पटना जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को महुआ के बजाय मुजफ्फरपुर होते हुए फकुली मार्ग से भेजने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा मुजफ्फरपुर और सारण से वैशाली आने वाली सड़कों पर एनएच-22 को छोड़कर अन्य मार्गों पर सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने आम लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।
नीतीश सेतु का लोकार्पण और औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास रहेगा अहम
प्रधानमंत्री के इस दौरे में नीतीश सेतु का लोकार्पण और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इन योजनाओं से वैशाली और आसपास के इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।
नित्यानंद राय ने पीला चावल देकर लोगों को दिया न्योता
प्रधानमंत्री की सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास की पंचायतों में गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और पारंपरिक तरीके से पीला चावल देकर उन्हें सभा में आने का निमंत्रण दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उनसे मिलने पहुंचे। नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आए हैं, राज्य को बड़ी सौगात मिली है। इस बार भी वैशाली के लोगों को उनके दौरे से विकास की नई योजनाओं की उम्मीद है। कार्यक्रम में एनडीए के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।


