TRENDING TAGS :
टूट गई लालू की RJD! परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के समर्थन में उतरे दो सांसद, सुरेंद्र यादव ने खोला पत्ता
परिसीमन बिल को लेकर RJD में मतभेद के संकेत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के चार में से दो सांसद बिल का समर्थन कर सकते हैं।
Delimitation Bill 2026: परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच अब दरारें दिखने लगी हैं। मोदी सरकार के इस बिल पर पहले ही डीएमके ने समर्थन के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। वहीं अब बिहार में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में भी इस मुद्दे पर मतभेद सामने आते दिख रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में RJD के चार सांसद हैं, जिनमें से दो परिसीमन बिल के समर्थन में जा सकते हैं। इनमें जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव का नाम सामने आ रहा है। उन्होंने खुले तौर पर इस बिल का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। हालांकि, दूसरे सांसद का नाम अभी सामने नहीं आया है।
जहानाबाद सांसद सुरेंद्र यादव ने क्या कहा?
RJD सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने गया में परिसीमन विधेयक पर अपनी राय रखते हुए कहा कि वह इसके पक्ष में हैं और बढ़ती आबादी को देखते हुए परिसीमन अभी होना चाहिए। उनका कहना है कि देश की जनसंख्या बढ़ने के साथ विकास कार्यों और संसाधनों पर दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में आबादी के अनुपात में लोकसभा की सीटें बढ़ाना जरूरी है, ताकि जनता को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सके।
सुरेंद्र यादव ने कहा कि जब 2027 में जनसंख्या बढ़ने की स्थिति सामने आएगी, तब अचानक फैसले लेने के बजाय पहले से तैयारी करनी होगी। उनके मुताबिक, किसी भी बड़े काम के लिए पहले से योजना बनाना जरूरी है। अगर परिसीमन की तैयारी अभी से नहीं की गई तो आगे परेशानी हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा सीटें बढ़ने से सांसदों को अपने क्षेत्र में काम करने के ज्यादा मौके मिलेंगे और जनता की समस्याओं को संसद में बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा।
वोट किसे देंगे? सांसद ने दिया ये जवाब
जब सुरेंद्र यादव से पूछा गया कि आगामी चुनाव में वह किसे वोट देंगे, तो उन्होंने कहा कि मतदान करना हर व्यक्ति का निजी और गुप्त अधिकार है। उन्होंने कहा कि मोदी, अमित शाह या सम्राट चौधरी से भी कोई यह नहीं पूछता कि वे किसे वोट देंगे। इसका पता तो मतदान के समय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए ही चलता है।
RJD के दूसरे सांसद का नाम अभी साफ नहीं
सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन बिल के समर्थन में RJD के दो सांसद जा सकते हैं। सुरेंद्र यादव के बयान के बाद एक सांसद का नाम सामने आ गया है, लेकिन दूसरे सांसद को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। RJD के लोकसभा में कुल चार सांसद हैं। इनमें लालू यादव की बेटी मीसा भारती, बक्सर से सुधाकर सिंह और औरंगाबाद से अभय कुमार सिन्हा शामिल हैं। अब सवाल यह है कि सुरेंद्र यादव के अलावा पार्टी का दूसरा कौन सा सांसद परिसीमन बिल के समर्थन में खड़ा हो सकता है।


