TRENDING TAGS :
अनंत सिंह की घर वापसी! क्या थामने जा रहे RJD का हाथ? सवालों के बीच तेजस्वी यादव ने तोड़ी चुप्पी
तेजस्वी यादव ने साफ किया है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह को RJD में वापस लेने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
Anant Singh: बिहार की राजनीति में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने साफ कर दिया है कि अनंत सिंह की पार्टी में वापसी का फिलहाल कोई सवाल नहीं है। शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी से पूछा गया कि क्या अनंत सिंह दोबारा RJD में शामिल हो सकते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से अनंत सिंह को वापस लेने का कोई प्रस्ताव नहीं है। तेजस्वी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
अनंत सिंह पर तेजस्वी ने क्यों कसा तंज?
तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों पहले आरोप लगाते रहे थे कि राज्य सरकार उन्हें झूठे मामलों में फंसा रही है। लेकिन राजनीतिक पाला बदलने के बाद सरकार को लेकर उनका नजरिया बदलता दिखाई दिया। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जब दोबारा जेल जाने की नौबत आई, तो सरकार फिर से उन्हें ठीक नहीं लगने लगी। उनके इस बयान को अनंत सिंह के राजनीतिक रुख में आए बदलाव पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर तक सरेंडर करने को कहा
दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अनंत सिंह की अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया। अदालत ने उन्हें 1 दिसंबर तक या उससे पहले सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने को कहा गया है। इस फैसले के बाद अनंत सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव ने उनकी RJD में वापसी की अटकलों पर साफ जवाब देते हुए किसी भी प्रस्ताव से इनकार कर दिया।
जेडीयू नेता नीरज कुमार पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने जेडीयू नेता नीरज कुमार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों एक ही राजनीतिक पक्ष से जुड़े हुए थे, तब नीरज कुमार ने अनंत सिंह के मामले को लेकर आवाज क्यों नहीं उठाई? तेजस्वी के मुताबिक, अब इस मामले में कार्रवाई की मांग करने के पीछे नीरज कुमार की अपनी राजनीतिक परिस्थितियां हो सकती हैं। इस तरह तेजस्वी ने अनंत सिंह के मामले को लेकर जेडीयू नेता की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
INDIA गठबंधन की रैली में शामिल होंगे तेजस्वी
बिहार की राजनीति पर बात करने के साथ तेजस्वी यादव ने दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विपक्षी दल रामलीला मैदान में जुटकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे। विपक्षी गठबंधन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठा रहा है और चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग कर रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
बिहार MLC चुनाव को लेकर भी किया दावा
तेजस्वी यादव ने बिहार विधान परिषद की हालिया सीटों के चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि आठ सीटों पर हुए चुनाव में महागठबंधन ने पांच सीटें जीतीं, जबकि NDA को तीन सीटें मिलीं। तेजस्वी ने इसे विपक्षी गठबंधन के लिए अच्छा प्रदर्शन बताया और NDA के नतीजों पर सवाल उठाए।


