बिहार की राजनीति में खेला! NDA की सहयोगी पार्टी में बड़ी टूट! 4 में से 3 विधायक हुए बागी, स्पीकर को दी अर्जी

बिहार में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ी बगावत की खबर है। चार में से तीन विधायकों ने अलग गुट बनाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को अर्जी दी है।

Sachin Singh
Published on: 24 Nov 2026 3:39 PM IST (Updated on: 24 Nov 2026 3:39 PM IST)
बिहार की राजनीति में खेला! NDA की सहयोगी पार्टी में बड़ी टूट! 4 में से 3 विधायक हुए बागी, स्पीकर को दी अर्जी
X

Upendra Kushwaha: बिहार की राजनीति में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को बड़ा झटका लगने की खबर है। पार्टी के चार में से तीन विधायक बगावत पर उतर आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीनों विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व के कई फैसलों से नाराज चल रहे इन विधायकों ने अब खुलकर अपना विरोध जता दिया है। अगर तीनों विधायक अलग हो जाते हैं, तो विधानसभा में उपेंद्र कुशवाहा के साथ सिर्फ एक विधायक बचेंगे।

कौन-कौन से विधायक हुए बागी?

RLM में बगावत करने वाले तीन विधायकों में मधुबनी से विधायक माधव आनंद, दिनारा से विधायक और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह और बाजपट्टी से विधायक रामेश्वर महतो शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इन तीनों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन देकर अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग की है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा के खेमे में उनकी पत्नी और विधायक स्नेहलता कुशवाहा अकेली बची हैं।

बेटे को मंत्री बनाने के फैसले से नाराजगी की शुरुआत

तीनों विधायकों की नाराजगी की बड़ी वजह उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिहार सरकार में मंत्री बनाया जाना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दीपक प्रकाश उस समय विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य भी नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिली।

तीनों विधायकों का आरोप है कि पार्टी में अहम फैसले लेते समय उनसे सलाह नहीं ली जाती। उनका कहना है कि निर्वाचित विधायकों के बजाय परिवार के सदस्यों को ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। इसी वजह से पार्टी के अंदर नाराजगी लगातार बढ़ती गई।

PM मोदी के कार्यक्रम को लेकर भी बढ़ा विवाद

तीनों विधायकों की नाराजगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की तैयारियों के दौरान भी सामने आई थी। बागी खेमे का आरोप है कि NDA की बैठकों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दीपक प्रकाश का नाम आगे किया गया।

विधायकों का दावा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मंच पर पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के बजाय दीपक प्रकाश का नाम प्रस्तावित किया गया था। इस बात को लेकर भी पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ा।

संगठन में भी परिवार को तरजीह देने का आरोप

बागी विधायकों की नाराजगी सिर्फ मंत्री पद तक सीमित नहीं है। उनका आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद आलोक कुमार सिंह को संगठन में पर्याप्त जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत कुमार और सुभाष कुमार को ज्यादातर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा की बहू साक्षी मिश्रा को लेकर भी विवाद सामने आया था। बागी खेमे के मुताबिक, कुछ महीने पहले पार्टी ने नागरिक परिषद के महासचिव पद के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया था और इस संबंध में पत्र भी जारी किया गया था। हालांकि, विरोध के बाद इस प्रस्ताव को वापस ले लिया गया।

MLC चुनाव के दौरान भी दिखी थी पार्टी में नाराजगी

RLM में अंदरूनी खींचतान की चर्चा हालिया MLC चुनाव के दौरान भी सामने आई थी। उस समय पार्टी नेता रामपुकार सिंह ने बागी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। बताया जा रहा है कि तीनों विधायक उनके समर्थन में प्रचार करने की तैयारी में थे।

हालांकि, बिहार के मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद रामपुकार सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इस घटनाक्रम के बाद से ही पार्टी के अंदर मतभेद की चर्चा तेज थी।

तीन विधायकों की बगावत से RLM के सामने बढ़ी चुनौती

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चार में से तीन विधायकों का अलग गुट बनाने के लिए कदम उठाना उपेंद्र कुशवाहा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। फिलहाल पूरा मामला विधानसभा अध्यक्ष के सामने है। अलग गुट को मान्यता मिलती है या नहीं, इस पर आगे की स्थिति साफ होगी। लेकिन इतना तय है कि पार्टी के अंदर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story