TRENDING TAGS :
नमक, चीनी, मैदा और चावल... कहीं रोज की ये चीजें आपकी सेहत तो नहीं बिगाड़ रहीं?
White Foods Health Risks: चीनी से लेकर नमक, मैदा, सफेद चावल और आलू तक का अधिक सेवन शरीर पर अलग-अलग तरह से असर डाल सकता है। आइए जानते हैं इन पांच सफेद खाद्य पदार्थों के बारे में।
White Foods Health Risks
White Foods Health Risks: हमारी रोजमर्रा की डाइट में कई ऐसी सफेद चीजें शामिल होती हैं, जिन्हें हम स्वाद और सुविधा के लिए लगातार खाते रहते हैं। लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर इनमें से कुछ चीजें सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं। चीनी से लेकर नमक, मैदा, सफेद चावल और आलू तक का अधिक सेवन शरीर पर अलग-अलग तरह से असर डाल सकता है। आइए जानते हैं इन पांच सफेद खाद्य पदार्थों के बारे में।
चीनी का ज्यादा सेवन बढ़ा सकता है परेशानी
चीनी (Sugar) का इस्तेमाल चाय, मिठाई, डेजर्ट और कई पैकेज्ड फूड्स में होता है। इसमें पोषण की मात्रा कम और कैलोरी अधिक होती है। जरूरत से ज्यादा चीनी खाने से दांतों में सड़न की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा अत्यधिक चीनी का सेवन वजन बढ़ने और डायबिटीज के जोखिम से भी जुड़ा है। ज्यादा मीठा खाने का असर त्वचा पर भी पड़ सकता है और समय से पहले फाइन लाइंस और झुर्रियां दिखाई दे सकती हैं।
नमक ज्यादा हुआ तो बढ़ सकता है ब्लड प्रेशर
नमक (Salt) भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरी है, लेकिन इसकी मात्रा पर नियंत्रण रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नमक में मौजूद सोडियम शरीर में पानी को रोक सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक ज्यादा नमक का सेवन हाई ब्लड प्रेशर के साथ दिल और किडनी पर भी दबाव बढ़ा सकता है।
मैदा में पोषण और फाइबर की कमी
मैदा (Refined Flour) कई लोकप्रिय खाद्य पदार्थों का हिस्सा है, लेकिन इसमें फाइबर और कई पोषक तत्वों की मात्रा कम होती है। इसका अधिक सेवन पेट से जुड़ी समस्याओं और वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। मैदा से बने खाद्य पदार्थों का ज्यादा सेवन ब्लड शुगर को भी तेजी से बढ़ा सकता है।
सफेद चावल भी सीमित मात्रा में खाएं
सफेद चावल (White Rice) कार्बोहाइड्रेट का प्रमुख स्रोत हैं। इनका जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर शरीर में कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। सफेद चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अपेक्षाकृत अधिक होता है, इसलिए इसके ज्यादा सेवन से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। डायबिटीज से जूझ रहे लोगों को चावल की मात्रा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
आलू भी ज्यादा खाना पड़ सकता है भारी
आलू (Potato) भारतीय भोजन का अहम हिस्सा है और इसे कई तरह से खाया जाता है। हालांकि, इसमें कार्बोहाइड्रेट और स्टार्च की मात्रा अधिक होती है। ज्यादा मात्रा में आलू खाने से कैलोरी का सेवन बढ़ सकता है और वजन बढ़ने के साथ ब्लड शुगर पर भी असर पड़ सकता है। अधिक स्टार्च वाली डाइट कुछ लोगों में पाचन संबंधी परेशानी भी पैदा कर सकती है।
इसलिए इन खाद्य पदार्थों को पूरी तरह छोड़ने के बजाय अपनी डाइट में इनकी मात्रा और सेवन की आवृत्ति पर ध्यान देना जरूरी है। संतुलित आहार के साथ पर्याप्त फाइबर, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों को शामिल करना सेहत के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।


