TRENDING TAGS :
युवाओं में तेजी से फैल रही ये 'खतरनाक बीमारी'...2054 तक 40 फीसदी वृद्धि की आशंका, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
Australia Dementia Cases: ऑस्ट्रेलिया में डिमेंशिया का खतरा बढ़ते जा रहा है। 2054 तक कम उम्र के मरीजों में 40% उछाल की आशंका है। रिपोर्ट ने बेहतर इलाज और राष्ट्रीय कार्यक्रम की मांग तेज की है।
Australia Dementia Cases
Australia Dementia Cases: गुरुवार को जारी नए आंकड़ों के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में 65 वर्ष से कम उम्र के डिमेंशिया पीड़ितों की संख्या आने वाले दशकों में तेजी से बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि साल 2054 तक यह संख्या लगभग 40 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में करीब 4 लाख 46 हजार 500 लोग डिमेंशिया के साथ जीवन जी रहे हैं, जबकि 2025 में यह संख्या 4 लाख 33 हजार 300 थी।
युवा और बच्चों में डिमेंशिया
रिपोर्ट के मुताबिक, 18 से 65 वर्ष की उम्र के करीब 29 हजार लोग कम उम्र में होने वाले डिमेंशिया से प्रभावित हैं। इस संख्या के 2054 तक बढ़कर लगभग 41 हजार होने का अनुमान है। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1500 बच्चे ऐसे हैं जो बचपन में डिमेंशिया की चुनौती का सामना कर रहे हैं।
डिमेंशिया सबसे बड़ी मौत का कारण
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 में डिमेंशिया ऑस्ट्रेलिया में पहली बार मौत का प्रमुख कारण बन गया। कुल मौतों में से 9.4 प्रतिशत मौतें डिमेंशिया से संबंधित थीं। ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड वेलफेयर की रिपोर्ट के अनुसार, डिमेंशिया पीड़ितों की संख्या 2065 तक दोगुनी से अधिक होकर दस लाख से ऊपर पहुंच जाएगी।
राष्ट्रीय कार्यक्रम और देखभाल में सुधार की आवश्यकता
ऑस्ट्रेलिया की मुख्य कार्यकारी अधिकारी तान्या बुकानन ने कहा कि देश को दिमागी स्वास्थ्य बढ़ाने के लिए एक राष्ट्रीय कार्यक्रम की आवश्यकता है। हर उम्र के डिमेंशिया मरीजों के लिए बेहतर इलाज, देखभाल और सहायता सेवाओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार से व्यापक जागरूकता अभियान, मजबूत सहायता नेटवर्क और देखभाल कर्मियों के प्रशिक्षण पर जोर देने की मांग की।
डिमेंशिया क्या है?
डिमेंशिया कोई एक बीमारी नहीं है, बल्कि कई बीमारियों से उत्पन्न होने वाली स्थिति है। इसमें धीरे-धीरे दिमाग की नसों को नुकसान पहुंचता है और सोचने, समझने और याददाश्त पर असर पड़ता है। व्यक्ति की चेतना बनी रहती है, लेकिन उसके व्यवहार, भावनाओं और काम करने की इच्छा में बदलाव आ सकता है।


