क्या देसी घी को ज्यादा पकाकर खाना पड़ सकता है भारी? अब जान लें सही इस्तेमाल के तरीके

Desi Ghee Side Effect: क्या देसी घी को अधिक गर्म करके खाना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है? विशेषकर जब कई लोग हाई फ्लेम पर घी में खाना पकाते हैं या एक ही घी को बार-बार गर्म करते हैं।

Priya Singh Bisen
Published on: 10 May 2026 7:00 AM IST
Desi Ghee Side Effect
X

Desi Ghee Side Effect

Desi Ghee Side Effect: भारत के लगभग हर रसोई में देसी घी का प्रयोग सदियों से होता चला आ रहा है। दाल में तड़का लगाने से लेकर रोटी पर लगाने और पराठे सेंकने तक, घी हर घर की थाली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इसके बिना खाना अधूरा ही माना जाता है। आयुर्वेद में भी देसी घी को स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद बताया गया है। लेकिन आजकल लोगों के मन में एक सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या देसी घी को अधिक गर्म करके खाना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है? विशेषकर जब कई लोग हाई फ्लेम पर घी में खाना पकाते हैं या एक ही घी को बार-बार गर्म करते हैं।

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि देसी घी को सही तरीके और सही मात्रा में प्रयोग किया जाए तो यह शरीर के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि जरूरत से अधिक गर्म करना या बार-बार प्रयोग करना नुकसान पहुंचा सकता है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, देसी घी को पकाकर खाना पूरी तरह गलत नहीं है। उनका कहना है कि घी का स्मोक पॉइंट लगभग 260 डिग्री सेल्सियस तक होता है, जो इसे सामान्य कुकिंग के लिए सुरक्षित बनाता है। यानी यदि आप मीडियम फ्लेम पर घी का प्रयोग कर रहे हैं तो यह शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं माना जाता।

हालांकि एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि यदि घी को बहुत तेज आंच पर बार-बार गर्म किया जाए तो इसके गुण बदल सकते हैं। ऐसा करने से घी में मौजूद हेल्दी फैट्स प्रभावित हो सकते हैं और शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ने का खतरा भी पैदा हो सकता है।

अधिक गर्म करने से कम हो सकते हैं न्यूट्रिशन

देसी घी में विटामिन A, D, E और K जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा इसमें हेल्दी फैट्स भी होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने और इम्यूनिटी मजबूत करने में सहायता करते हैं। लेकिन जब घी को लंबे समय तक बहुत अधिक तापमान पर गर्म किया जाता है, तो इसके कुछ पोषक तत्व नष्ट होने लगते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बार-बार गर्म किया गया घी शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे शरीर में फ्री रेडिकल्स बढ़ सकते हैं, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनते हैं।

कितना घी खाना माना जाता है सही?

जानकारी के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए रोजाना 1 से 2 चम्मच देसी घी पर्याप्त माना जाता है। इसे रोटी पर लगाकर, दाल में डालकर या शैलो फ्राई में प्रयोग किया जा सकता है। लेकिन जरूरत से अधिक सेवन वजन बढ़ाने और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।

घी का प्रयोग करते वक़्त रखें ये इन बातों का ध्यान

- घी को हमेशा मीडियम फ्लेम पर इस्तेमाल करें

- एक ही घी को बार-बार गर्म करने से बचें

- जरूरत से ज्यादा मात्रा में सेवन न करें

- डीप फ्राई की बजाय शैलो फ्राई में इस्तेमाल बेहतर माना जाता है

- संतुलित डाइट के साथ ही घी का सेवन करें

बता दे, देसी घी पूरी तरह नुकसानदायक नहीं है, बल्कि सही मात्रा और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। लेकिन इसे बहुत अधिक गर्म करना या बार-बार इस्तेमाल करना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए अगर आप भी रोजाना घी का सेवन करते हैं, तो एक्सपर्ट्स की सलाह के मुताबिक इसे संतुलित मात्रा और सही तापमान पर ही प्रयोग करें।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story