TRENDING TAGS :
मोटापा से लेकर कैंसर तक की दवाएं अब होंगी भारत में सस्ती - अमेरिकी कंपनी एली लिली का बड़ा निवेश ऐलान
अमेरिकी फार्मा कंपनी एली लिली ने भारत में ₹88 अरब का निवेश किया, हैदराबाद में नया वैश्विक निर्माण और गुणवत्ता केंद्र स्थापित किया। इससे मोटापा, मधुमेह और कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी और स्थानीय फार्मा उद्योग को नई तकनीक और रोजगार मिलेंगे।
Eli Lilly India Investment (Image Credit-Social Media)
Eli Lilly India Investment: अमेरिका और भारत के बीच लंबे समय से चले आ रहे टैरिफ वार के बीच अब एक सुकून भरी खबर आई है। अमेरिका की प्रमुख दवा निर्माता कंपनी एली लिली (Eli Lilly) ने भारत में करीब 1 अरब डॉलर (लगभग ₹ 88 अरब) के बड़े निवेश की घोषणा की है। यह निवेश आने वाले वर्षों में भारत में कंपनी की निर्माण क्षमता और आपूर्ति नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए किया जाएगा। कंपनी भारत की स्थानीय दवा निर्माण इकाइयों के साथ साझेदारी कर अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगी। यह फैसला उस समय आया है जब अमेरिका में दवाओं पर बढ़ते टैरिफ के कारण कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां भारत की ओर रुख कर रही हैं। लिली का यह कदम न केवल भारत के फार्मा सेक्टर को नई गति देगा, बल्कि देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी खोलेगा। आइए इस विषय पर जानते हैं विस्तार से -
स्थानीय संविदा निर्माण कंपनियों के साथ निवेश की रणनीति
अमरीकन की इस प्रमुख दवा निर्माता कंपनी एली लिली की भारत में अपनी कोई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट नहीं है। अब कंपनी ने तय किया है कि वह स्थानीय संविदा निर्माण कंपनियों (contract manufacturers) के साथ मिलकर भारत में अपने निर्माण और गुणवत्ता मानकों को मजबूत करेगी। इसके तहत हैदराबाद में एक अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और क्वालिटी हब स्थापित किया जाएगा। जो कंपनी के वैश्विक अनुबंध निर्माण नेटवर्क की निगरानी करेगा। इस केंद्र से न केवल भारत बल्कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एली लिली की आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूती मिलेगी। कंपनी की योजना है कि इस नई सुविधा में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रसायन विशेषज्ञों और गुणवत्ता नियंत्रण पेशेवरों को नियुक्त किया जाए। आने वाले महीनों में इस केंद्र के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाया जाएगा। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी सरकार द्वारा कुछ दवाओं पर 100 प्रतिशत तक का आयात शुल्क लगाने की चर्चा है। इस वजह से कई वैश्विक फार्मा कंपनियां अब उत्पादन का एक हिस्सा भारत में शिफ्ट करने पर विचार कर रही हैं।
दिलचस्प बात यह है कि एली लिली ने हाल ही में अमेरिका के वर्जीनिया में करीब 5 अरब डॉलर (लगभग ₹ 450 अरब) के निवेश से एक नई उत्पादन इकाई शुरू करने की घोषणा की थी। यानी, भारत में यह निवेश कंपनी की वैश्विक विस्तार रणनीति का एक स्वाभाविक अगला कदम है।
इस पहल से फार्मा उद्योग के लिए भारत को मिलने वाले लाभ
लिली का यह निवेश भारत के फार्मा उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है। भारत पहले से ही 'विश्व की दवा फैक्ट्री' के रूप में जाना जाता है वहीं अब यह कदम उसे इस क्षेत्र में और सशक्त बनाएगा। इससे न केवल विदेशी निवेश बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर उत्पादन के अवसर भी मिलेंगे। हैदराबाद में बनने वाला नया केंद्र दवा निर्माण और गुणवत्ता नियंत्रण के क्षेत्र में भारत की तकनीकी क्षमताओं को एक नया आयाम देगा।
इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। कंपनी ने संकेत दिया है कि आने वाले वर्षों में इंजीनियरों, शोधकर्ताओं, विश्लेषकों और प्रबंधकीय पेशेवरों की बड़ी संख्या में भर्ती की जाएगी। इस निवेश का एक और बड़ा फायदा यह होगा कि अब भारत में मोटापा, मधुमेह, अल्जाइमर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की दवाएं सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। भारतीय मरीजों को अब कई ऐसी इनोवेटिव दवाओं का लाभ मिलेगा जो अब तक केवल विदेशों में निर्मित और उपलब्ध थीं।
बड़े अवसर के साथ चुनौतियां और जोखिम भी
यह निवेश भारत के लिए एक बड़ा अवसर जरूर है, लेकिन इसके साथ कुछ चुनौतियां भी हैं। सबसे पहले, एली लिली को यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत में बनने वाली दवाएं अमेरिकी FDA और यूरोपीय EMA जैसे वैश्विक मानकों पर खरी उतरें। नियामक मंज़ूरियां और गुणवत्ता आश्वासन इस निवेश की सफलता के लिए अहम होंगे।
इसके अलावा, स्थानीय संविदा निर्माण कंपनियों के साथ तालमेल और बौद्धिक संपदा (intellectual property) की सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। भारत में दवाओं की कीमत को लेकर पहले से ही प्रतिस्पर्धा काफी तीव्र है, इसलिए नवाचार आधारित दवाओं को ऐसी कीमत पर उपलब्ध कराना होगा जो आम उपभोक्ता की पहुंच में भी आसान और सुविधाजनक हो। साथ ही, इस नई योजना को लागू करने के साथ दवाओं के अनुरूप लॉजिस्टिक्स, तापमान नियंत्रण और दवा वितरण की मजबूत व्यवस्था बनाना भी कंपनी की प्राथमिकता होगी।
मोटापा और मधुमेह की दवा मौनजारो से भारत में हो चुकी है नई शुरुआत
भारत में एली लिली ने हाल ही में अपनी मोटापा और मधुमेह की दवा मौनजारो (Mounjaro) लॉन्च की थी, जिसमें सक्रिय घटक tirzepatide है। इस दवा को भारत में बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। कंपनी के अनुसार, लॉन्च के बाद शुरुआती महीनों में इसकी बिक्री में लगभग 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। एली लिली अब इस दवा की उपलब्धता और वितरण नेटवर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। ताकि भारत में बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। इसके अलावा, कंपनी भारत में एक नई मौखिक वजन घटाने वाली दवा (oral weight-loss drug) — orforglipron को भी लाने की योजना बना रही है। माना जा रहा है कि यह दवा आने वाले वर्षों में मोटापा नियंत्रण के क्षेत्र में एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
भविष्य में अन्य अमेरिकी और यूरोपीय फार्मा कंपनियां भी भारत में निवेश करने के लिए हो रही प्रेरित
मेडिसिन के क्षेत्र में एली लिली का भारत में यह निवेश केवल एक औद्योगिक कदम नहीं है, बल्कि यह भारत के बढ़ते स्वास्थ्य-तकनीकी परिदृश्य की भी स्वीकृति है। भारत आज दुनिया के सबसे कुशल और लागत-प्रभावी दवा निर्माण केंद्रों में से एक बन चुका है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो अन्य अमेरिकी और यूरोपीय फार्मा कंपनियां भी भारत में इसी तरह के निवेश करने के लिए प्रेरित होंगी। जिसकी सुगबुगाहट अभी से शुरू हो चुकी है। इस मुद्दे पर विशेषज्ञों का कहना है कि, इस निवेश के साथ भारत वैश्विक फार्मा आपूर्ति श्रृंखला में केवल 'निर्माण केंद्र' नहीं रहेगा, बल्कि एक 'अनुसंधान एवं नवाचार हब' के रूप में उभर सकता है। आने वाले वर्षों में यह साझेदारी भारत को 'दुनिया की दवा राजधानी' के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हो सकती है।
एली लिली का भारत में 88 अरब रुपए से अधिक का निवेश न केवल आर्थिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और तकनीकी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इससे भारत के युवाओं के लिए रोजगार, देश की फार्मा इंडस्ट्री के लिए नई तकनीक साथ ही मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य समाधान उपलब्ध होंगे। यह निवेश भारत के आत्मनिर्भर फार्मा के सफर को और गति देने के साथ आने वाले दशक में भारत को वैश्विक दवा निर्माण का मजबूत नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में एक ठोस कदम साबित हो सकता है।


