TRENDING TAGS :
Hantavirus Alert: दुनिया में Virus से हड़कंप के बाद भारत में बढ़ी सतर्कता! ICMR ने एक्टिव कीं 165 लैब्स, RT-PCR से होगी जांच
Hantavirus Alert: विश्वभर में तेजी से बढ़ रही स्वास्थ्य चिंताओं के बीच अब Hantavirus को लेकर भी बड़ा अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Hantavirus Alert
Hantavirus Alert: विश्वभर में तेजी से बढ़ रही स्वास्थ्य चिंताओं के बीच अब Hantavirus को लेकर भी बड़ा अलर्ट जारी कर दिया गया है। हाल ही में MV होडियंस क्रूज जहाज पर हंटावायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बाद कई देशों की स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस वायरस से कुछ लोगों की मौत होने की खबरों ने चिंता और बढ़ा दी है। इसी बीच भारत सरकार और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, क्रूज जहाज पर भारतीय नागरिक भी मौजूद थे। स्पेन में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि जहाज पर मौजूद दो भारतीय नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नीदरलैंड्स भेजा गया है, जहां उन्हें क्वारंटीन में रखा गया है। लेकिन इन सब के बीच राहत भरी बात यह है कि फिलहाल दोनों में वायरस के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर 45 दिनों तक उनकी निगरानी की जाएगी।
भारत में एक्टिव हुई हाई-लेवल बायोसर्विलांस प्रणाली
Hantavirus के संभावित खतरे को देखते हुए ICMR ने पूरे देश में अपनी वायरस रिसर्च और डायग्नोस्टिक लैब्स को एक्टिव कर दिया है। देश में ऐसे लगभग 165 लैब्स हैं, जहां संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की जा सकेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशों से आने वाले यात्रियों में यदि वायरस जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो तत्काल जांच की जाएगी।
इन लैब्स को सक्रिय करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी संभावित संक्रमित व्यक्ति की समय रहते पहचान हो सके और संक्रमण फैलने से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
RT-PCR टेस्ट से होगी वायरस की पहचान
कोरोना वायरस की तरह ही Hantavirus की जांच भी RT-PCR तकनीक के माध्यम से ही की जाएगी। इस प्रक्रिया में मरीज के सैंपल से वायरल RNA निकाला जाता है और उसे DNA में बदलकर वायरस के जेनेटिक मैटेरियल की पहचान की जाती है। मशीन रियल टाइम में वायरस की मौजूदगी को डिटेक्ट करती है, जिससे संक्रमण की पुष्टि तेजी से हो सकती है।
क्या है Hantavirus और यह कैसे फैलता है?
विशेषज्ञों के अनुसार Hantavirus मुख्य रूप से संक्रमित चूहों के मल, मूत्र और लार के संपर्क में आने से फैलता है। आमतौर पर यह वायरस इंसानों से इंसानों में नहीं फैलता, लेकिन इसका Andes strain वैज्ञानिकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। ऐसा माना जाता है कि यह स्ट्रेन एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। यही कारण है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कई देशों को सतर्क रहने की सलाह दी है और निगरानी बढ़ाने को कहा है।
Hantavirus के प्रमुख लक्षण
Hantavirus संक्रमण होने पर मरीज में कई तरह के लक्षण नज़र आ सकते हैं, जिनमें शामिल हैं - तेज बुखार, मांसपेशियों में दर्द, सिर में दर्द, पेट में दर्द, उल्टी-मतली, कमजोरी और थकान आदि। इसे लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल संक्रमण जैसे हो सकते हैं, इसलिए सावधानी बेहद ही आवश्यक है।
भारत में फिलहाल नहीं मिला कोई मामला
स्वास्थ्य मंत्रालय और ICMR के अनुसार फिलहाल भारत में हंटावायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, सरकार किसी भी जोखिम से बचने के लिए पहले से तैयारी कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग भी बढ़ाई जा सकती है, विशेषकर विदेशों से आने वाले सभी यात्रियों के लिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, चूहों से दूरी रखने और किसी भी असाधारण लक्षण दिखने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दे रहे हैं।


