Hypertension: ‘साइलेंट किलर’ हाइपरटेंशन से रहें सतर्क, लाइफस्टाइल में इन बदलावों से होगा बचाव

Hypertension: अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण हाइपरटेंशन तेजी से बढ़ रहा है। ज्यादा नमक, जंक फूड, तनाव और व्यायाम की कमी से होने वाले इस ‘साइलेंट किलर’ से बचाव के आसान उपाय जानें।

Newstrack/IANS
Published on: 10 Feb 2026 10:25 PM IST (Updated on: 10 Feb 2026 10:46 PM IST)
Hypertension
X

Hypertension(Image Credit-Social Media)

Hypertension: अनहेल्दी लाइफस्टाइल की वजह से हाइपरटेंशन या उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। साथ ही भोजन में ज्यादा नमक, जंक फूड, तनाव, व्यायाम की कमी, मोटापा, तंबाकू और शराब का सेवन 'साइलेंट किलर' की बड़ी वजह बनते हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन ने हाइपरटेंशन से अलर्ट करते हुए इसे 'साइलेंट किलर' करार दिया। यह बीमारी बिना किसी लक्षण के धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाती है और जानलेवा साबित हो सकती है। हाइपरटेंशन दिल, किडनी और दिमाग को नुकसान पहुंचाता है। हालांकि, संतुलित आहार, व्यायाम और नियमित जांच से इसे नियंत्रित या रोका जा सकता है।

एक्सपर्ट के अनुसार, हाइपरटेंशन का सबसे आम और प्रमुख कारण आज की अस्वस्थ जीवनशैली है। नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक, हाइपरटेंशन को नियंत्रित करने और इससे बचने के लिए जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह दिल की बीमारियों, स्ट्रोक, किडनी फेलियर और आंखों की समस्याओं का कारण बन सकता है।

हाइपरटेंशन के प्रमुख कारणों में ज्यादा नमक का सेवन शामिल है, रोजाना ज्यादा नमक खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ता है। प्रोसेस्ड फूड, चिप्स, नमकीन, अचार और बाहर का खाना अक्सर ज्यादा नमक से भरे होते हैं। इसके साथ ही लगातार काम का दबाव, पारिवारिक समस्याएं या मानसिक तनाव लंबे समय तक रहने पर बीपी बढ़ा देता है। दिनभर बैठे रहना, व्यायाम न करना और मोटापा भी इसे बढ़ावा देते हैं।

इसके अलावा, जंक और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन, तंबाकू और शराब के सेवन से धमनियों को नुकसान पहुंचता है और हाइपरटेंशन का खतरा बढ़ता है। यही नहीं, अतिरिक्त वजन, खासकर पेट के आसपास की चर्बी, हृदय पर दबाव डालती है और बीपी बढ़ाती है।

नेशनल हेल्थ मिशन ने बताया कि हाइपरटेंशन से बचाव के लिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच करवाना, संतुलित और कम नमक वाला आहार लेना, रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम या पैदल चलना, तनाव कम करने के लिए योग-मेडिटेशन करना, तंबाकू और शराब से दूर रहने के साथ ही वजन को नियंत्रित रखना जरूरी है।

वहीं, डॉक्टरों की सलाह है कि 18 साल से ऊपर हर व्यक्ति को साल में कम से कम एक बार बीपी चेक करवाना चाहिए। अगर परिवार में किसी को हाइपरटेंशन रहा है तो जांच और ज्यादा जरूरी है। समय पर पता चल जाए तो दवाओं और लाइफस्टाइल में बदलाव कर इसे आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।

Shweta Srivastava

Shweta Srivastava

Content Writer

मैं श्वेता श्रीवास्तव 15 साल का मीडिया इंडस्ट्री में अनुभव रखतीं हूँ। मैंने अपने करियर की शुरुआत एक रिपोर्टर के तौर पर की थी। पिछले 9 सालों से डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में कार्यरत हूँ। इस दौरान मैंने मनोरंजन, टूरिज्म और लाइफस्टाइल डेस्क के लिए काम किया है। इसके पहले मैंने aajkikhabar.com और thenewbond.com के लिए भी काम किया है। साथ ही दूरदर्शन लखनऊ में बतौर एंकर भी काम किया है। मैंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एंड फिल्म प्रोडक्शन में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। न्यूज़ट्रैक में मैं लाइफस्टाइल और टूरिज्म सेक्शेन देख रहीं हूँ।

Next Story