मुर्गियों को अब नहीं मारना पड़ेगा! बर्ड फ्लू पर भारत की विजय, इस स्वदेशी वैक्सीन का एक डोज करेगा कमा

भारत ने H5N1 बर्ड फ्लू के खतरनाक वायरस से बचाव के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है।

Sachin Singh
Published on: 20 Nov 2026 9:24 PM IST
मुर्गियों को अब नहीं मारना पड़ेगा! बर्ड फ्लू पर भारत की विजय, इस स्वदेशी वैक्सीन का एक डोज करेगा कमा
X

H5N1 Bird Flu Vaccine: भारत ने बर्ड फ्लू के खतरनाक वायरस H5N1 से निपटने की दिशा में बड़ी कामयाबी हासिल की है। देश के वैज्ञानिकों ने इस वायरस के खिलाफ पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। यह वैक्सीन खासतौर पर H5N1 के 2.3.2.1a स्ट्रेन को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो पोल्ट्री फार्म के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। अब तक भारत को बर्ड फ्लू से बचाव के लिए विदेशी वैक्सीन पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस नई वैक्सीन से यह निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित किया। इस प्रोजेक्ट पर आठ वैज्ञानिकों की टीम ने काम किया। सितंबर 2025 में शुरू हुए इस शोध का नेतृत्व प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन ने किया।

एक डोज से छह महीने तक मिलेगी सुरक्षा

इस वैक्सीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी एक खुराक से मुर्गियों को करीब छह महीने तक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर अंडे देने वाली मुर्गियों और ब्रीडर मुर्गियों के लिए इसे काफी अहम माना जा रहा है।

वैक्सीन बनाने वाली टीम में डॉ. एस. नागराजन के अलावा डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच.वी. मुरुगकर, डॉ. अनिकेत सन्याल, डॉ. सेंथिलकुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. शामिल रहे।

कितना खतरनाक है H5N1 बर्ड फ्लू वायरस?

H5N1 बर्ड फ्लू का एक बेहद खतरनाक वायरस है। यह मुर्गियों और दूसरे पक्षियों में तेजी से संक्रमण फैला सकता है। इस वायरस से संक्रमित पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत का आंकड़ा 100 फीसदी तक पहुंच सकता है। यानी अगर किसी फार्म में इसका गंभीर संक्रमण फैल जाए तो वहां मौजूद लगभग सभी मुर्गियों की जान जा सकती है।

बर्ड फ्लू फैलने पर संक्रमण को रोकने के लिए संक्रमित पक्षियों को मारना यानी उनका सफाया करना पड़ता है। इससे पोल्ट्री कारोबार करने वाले किसानों और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार बड़ी संख्या में मुर्गियों को नष्ट करना पड़ता है, जिससे पूरे कारोबार पर असर पड़ता है।

पोल्ट्री कारोबार को कैसे मिलेगी राहत?

H5N1 के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन तैयार होने से पोल्ट्री सेक्टर को कई तरह से फायदा मिलने की उम्मीद है। अगर मुर्गियों को समय पर वैक्सीन दी जाती है, तो उनमें संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है। इससे बर्ड फ्लू फैलने की आशंका और बड़े पैमाने पर मुर्गियों को मारने की जरूरत भी कम हो सकती है। इसका सीधा फायदा पोल्ट्री फार्म चलाने वाले किसानों और कारोबारियों को मिल सकता है। इसके अलावा भारत को विदेशी वैक्सीन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

इंसानों के लिए भी क्यों अहम है यह वैक्सीन?

H5N1 बर्ड फ्लू को सिर्फ मुर्गियों और पोल्ट्री कारोबार के लिए खतरा नहीं माना जाता। इस वायरस के पक्षियों से इंसानों में फैलने की आशंका भी रहती है। यही वजह है कि वैज्ञानिकों के मुताबिक, मुर्गियों में संक्रमण को रोकना सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी जरूरी है। अगर पोल्ट्री में समय रहते टीकाकरण किया जाता है, तो संक्रमण फैलने का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। इससे इंसानों तक वायरस पहुंचने की आशंका को भी सीमित किया जा सकता है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story