सुबह उठते ही शरीर में रहती है जकड़न? इसे मामूली समझकर न करें नजरअंदाज, हो सकती है ये गंभीर बीमारी!

Morning Stiffness Causes: सुबह उठते समय शरीर में जकड़न और दर्द को नजरअंदाज न करें, यह आर्थराइटिस या अन्य गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकता है।

Akriti Pandey
Published on: 29 April 2026 4:29 PM IST
Morning Stiffness Causes
X

Morning Stiffness Causes

Morning Stiffness Causes: कई लोग सुबह उठते समय शरीर में जकड़न, खासकर कमर और जोड़ों में खिंचाव महसूस करते हैं और इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, अगर यह समस्या रोजाना बनी रहती है या लंबे समय तक खत्म नहीं होती, तो यह शरीर में किसी छिपी हुई बीमारी का संकेत हो सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, जब हम सोते हैं तो शरीर कई घंटों तक एक ही स्थिति में रहता है। इस दौरान जोड़ों में मौजूद सिनोवियल फ्लूइड थोड़ा गाढ़ा हो जाता है, जिससे सुबह उठते समय अकड़न महसूस होती है।

कब बन सकती है यह गंभीर समस्या?

सामान्य परिस्थितियों में जैसे ही शरीर हरकत में आता है, यह जकड़न धीरे-धीरे खत्म हो जाती है। लेकिन अगर शरीर में सूजन या जोड़ों से जुड़ी कोई समस्या हो, तो यह अकड़न लंबे समय तक बनी रह सकती है। ऐसे में चलने-फिरने में दिक्कत और दर्द भी बढ़ सकता है, जिसे नजरअंदाज करना सही नहीं है।

रुमेटाइड आर्थराइटिस का संकेत हो सकती है जकड़न

मेडिकल रिसर्च के अनुसार, अगर सुबह की जकड़न एक घंटे या उससे ज्यादा समय तक बनी रहती है, तो यह Rheumatoid Arthritis का संकेत हो सकता है। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम खुद ही जोड़ों पर हमला करने लगता है। इसके कारण जोड़ों में सूजन, दर्द और गर्माहट महसूस होती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह समस्या स्थायी नुकसान पहुंचा सकती है।

ऑस्टियोआर्थराइटिस और अन्य कारण

सुबह की जकड़न का एक अन्य कारण Osteoarthritis भी हो सकता है, जो आमतौर पर उम्र बढ़ने के साथ देखने को मिलता है। इसमें जोड़ों का कार्टिलेज धीरे-धीरे कमजोर हो जाता है, जिससे घुटनों, कूल्हों और रीढ़ में दर्द रहता है। हालांकि इसमें जकड़न कुछ समय बाद कम हो जाती है, लेकिन लगातार दर्द बना रहना चिंता का विषय हो सकता है।

इसके अलावा, Fibromyalgia जैसी स्थिति में भी सुबह उठते ही मांसपेशियों में दर्द और संवेदनशीलता बढ़ सकती है, जो मानसिक तनाव और खराब नींद से जुड़ी होती है।

कैसे पाएं राहत?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सुबह उठने के बाद हल्की स्ट्रेचिंग जरूर करनी चाहिए। बिस्तर से उठने से पहले हाथ-पैरों को धीरे-धीरे हिलाने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। गर्म पानी से नहाना या सिकाई करना भी मांसपेशियों को आराम देता है। इसके अलावा, आहार में हल्दी, अदरक, अलसी, अखरोट और विटामिन D से भरपूर चीजों को शामिल करने से सूजन कम करने में मदद मिलती है।

समय पर ध्यान देना जरूरी

अगर सुबह की जकड़न लगातार बनी रहती है या दर्द बढ़ता जा रहा है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना बेहद जरूरी है। समय रहते पहचान और इलाज से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story