TRENDING TAGS :
Nautapa Tips: नौतपा में कैसे रखें स्वास्थ्य और स्किन का ख्याल? जानें क्या खाएं, क्या पहनें और किन चीजों से करें परहेज
Nautapa Tips: इस वक़्त थोड़ी सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, घमौरियां, स्किन टैनिंग और कमजोरी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकती है।
Nautapa Tips
Nautapa Tips: देश में इस वक़्त गर्मी अपने चरम पर पहले से है लेकिन अब 25 मई से 'नौतपा' की भी शुरुआत हो रही है। ज्योतिष और मौसम दोनों ही दृष्टि से 'नौतपा' के 9 दिन अत्यधिक गर्म माने जाते हैं। इस दौरान तेज धूप, लू और बढ़ता तापमान लोगों की स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। विशेष तौर पर जो लोग काम या अन्य जरूरी कारणों से घर से बाहर निकलते हैं, उन्हें अपनी सेहत और स्किन का खास ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस वक़्त थोड़ी सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, घमौरियां, स्किन टैनिंग और कमजोरी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकती है।
आयुर्वेद विशेषज्ञ के अनुसार, नौतपा के दौरान शरीर को अंदर से ठंडा और हाइड्रेटेड रखना सबसे अधिक आवश्यक होता है। इसके लिए खानपान में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए जिनकी तासीर ठंडी हो और जो शरीर में पानी की कमी न होने दें।
नौतपा में क्या खाएं?
गर्मी के इन दिनों में आप विशेषकर खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा, टमाटर, प्याज और हरी मिर्च जैसी चीजों को डाइट में शामिल करना बेहद लाभकारी माना जाता है। ये शरीर को ठंडक देने के साथ लू से बचाने में भी सहायता करती हैं। इसके अलावा लौकी, तोरई, करेला, पुदीना और हरा धनिया जैसी मौसमी सब्जियां भी शरीर को हल्का और ठंडा बनाए रखने में सहायक होती हैं।
केवल पानी पीना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स और जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति भी जरूरी होती है। इसके लिए नारियल पानी, छाछ, बेल का शरबत, सौंफ का शरबत और आम पन्ना जैसे घरेलू पेय बहुत ही लाभकारी माना जाता है। ये शरीर को एनर्जी देने के साथ डिहाइड्रेशन से भी बचाते हैं।
किन चीजों से करें परहेज?
नौतपा के दौरान चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स का अधिक सेवन नुकसानदायक हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, ये ड्रिंक्स शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा अधिक तेल-मसाले वाला खाना, फास्ट फूड और बाहर का भोजन भी पाचन तंत्र पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। गर्मी में भारी और तला-भुना खाना खाने से एसिडिटी, अपच और थकान जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
कपड़ों का चुनाव भी है जरूरी
भीषण गर्मी में सही कपड़े पहनना भी बहुत ही जरूरी होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि नौतपा के दौरान हल्के रंग के कॉटन या लिनेन फैब्रिक के कपड़े पहनने चाहिए। ये कपड़े पसीना सरलता से सोख लेते हैं और शरीर को ठंडा बनाए रखते हैं। वहीं टाइट और मोटे कपड़े शरीर में गर्मी बढ़ा सकते हैं।
यदि आपको धूप में बाहर निकलना पड़ रहा है तो सिर और चेहरे को स्कार्फ, टोपी या दुपट्टे से जरूर ढकें। साथ ही सनस्क्रीन और धूप का चश्मा प्रयोग करना भी स्किन को सन डैमेज और टैनिंग से बचाने में मदद कर सकता है।
बता दे, नौतपा के इन 9 दिनों में थोड़ी सी सावधानी और सही लाइफस्टाइल अपनाकर आप खुद को गर्मी के गंभीर असर से बचा सकते हैं।


