TRENDING TAGS :
लीवर के लिए 'अमृत' और बालों के लिए 'वरदान', इस जादुई औषधीय झाड़ी के फायदे जानकर दंग रह जाएंगे आप
Neelbadi Plant Benefits: जामुन जैसा दिखने वाला 'नीलबड़ी' का पौधा आयुर्वेद में किसी वरदान से कम नहीं है। लीवर की सफाई से लेकर सफेद बालों को काला करने तक, जानें इसके चमत्कारी फायदे।
Neelbadi Plant Benefits
Neelbadi Plant Benefits: प्रकृति ने हमें कई ऐसे पेड़-पौधे दिए हैं, जो स्वास्थ्य के लिए रामबाण साबित होते हैं। इनमें से एक महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है नीलबड़ी, जिसे देखकर इसे जामुन जैसा समझा जा सकता है। हालांकि, इसके औषधीय गुण इसे विशेष बनाते हैं। नीलबड़ी एक झाड़ीनुमा पौधा है, जिसके फल, जड़ और पत्तियों का उपयोग आयुर्वेद और पारंपरिक उपचार में कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है।
नीलबड़ी का भौतिक विवरण
नीलबड़ी की शाखाएं पीली और भूरी रंग की होती हैं। इसके पत्ते हरे, अंडाकार या आयताकार आकार के होते हैं और इनकी लंबाई 3-5 सेमी तथा चौड़ाई 2-3 सेमी होती है। फूलों के बाद इस पौधे में छोटे गोल फल लगते हैं, जिनका आकार 4-6 मिमी होता है। ये फल पहले हरे होते हैं और पकने पर नीले-काले रंग के हो जाते हैं। इनके अंदर बैंगनी रंग का गूदा और 8-15 छोटे त्रिकोणीय बीज पाए जाते हैं। नीलबड़ी के ताजे या सूखे भागों को अर्क बनाकर आयुर्वेद में उपयोग किया जाता है।
औषधीय और वैज्ञानिक महत्व
नीलबड़ी विशेष रूप से दक्षिण एशिया में पाई जाती है और इसमें सूजन-रोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण भरपूर हैं। इसका वैज्ञानिक नाम Phyllanthus reticulatus है। वैज्ञानिक अध्ययनों में इसके एंटीवायरल, एंटीमाइक्रोबियल और सूजन-रोधी गुणों की पुष्टि हुई है। आयुर्वेद में इसे कफ और वात दोष को शांत करने वाली शक्तिशाली जड़ी-बूटी माना गया है।
स्वास्थ्य और बालों के लिए लाभ
नीलबड़ी मुख्य रूप से लीवर के स्वास्थ्य, चर्म रोगों, दर्द निवारक और बालों की देखभाल में लाभकारी है। इसके काढ़े का सेवन लीवर को विषैले पदार्थों से मुक्त करने में मदद करता है। सुश्रुत संहिता के अनुसार, नीलबड़ी को अधोभागहर-गण (विरेचक) में शामिल किया गया है, जो पेट और पाइल्स, वात-पित्त विकार और अन्य रोगों के उपचार में फायदेमंद है। इसके पत्तों का उपयोग बालों के लिए भी किया जाता है। ताजे पत्तों का रस या पेस्ट नारियल तेल के साथ लगाने से बाल काले, घने और मजबूत होते हैं और सफेद बालों की समस्या कम होती है।


