New Cancer Drug India 2026: 14 दिन में कैंसर खत्म? भारत में लॉन्च हुई नई दवा को लेकर जानिए पूरी सच्चाई, किसे मिलेगा फायदा?

New Cancer Drug India 2026: 14 दिन में कैंसर खत्म? नई दवा की सच्चाई और असली फायदा जानें

Jyotsana Singh
Published on: 27 Jun 2026 3:40 PM IST (Updated on: 27 Jun 2026 3:40 PM IST)
New Cancer Drug India 2026 Truth Behind 14-Day Cure Claim & Who Can Benefit
X

New Cancer Drug India 2026

New Cancer Drug India 2026: कैंसर जैसी असाध्य बीमारी जो मरीज को सिर्फ शरीर से ही नहीं बल्कि आर्थिक तौर पर भी पूरी तरह से खोखला कर देती है। वहीं इस गंभीर बीमारी के इलाज के क्षेत्र में भारत में एक नई उम्मीद जगी है। दवा निर्माता कंपनी एली लिली एंड कंपनी इंडिया ने 'टैनस्ट्राइव' (Tanstrive) नाम की नई टार्गेटेड थेरेपी लॉन्च की है। यह दवा उन मरीजों के लिए विकसित की गई है जिनके कैंसर में RET जीन अल्टरेशन पाया जाता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस दवा से 14 दिनों में कैंसर खत्म होने जैसे दावे किए जा रहे हैं, लेकिन वो

चिकित्सकों द्वारा साझा की गई सच्चाई यह है कि 14 दिन सिर्फ इस दवा के एक बॉक्स का उपचार चक्र है। इलाज कितने समय तक चलेगा, यह मरीज की स्थिति और डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है।

हर कैंसर मरीज के लिए नहीं है यह दवा

टैनस्ट्राइव कोई सामान्य कैंसर की दवा नहीं है। इसे केवल उन मरीजों के लिए तैयार किया गया है जिनमें RET जीन अल्टरेशन पाया जाता है। यह बदलाव कुछ प्रकार के फेफड़ों के कैंसर, थायरॉयड कैंसर और कुछ अन्य सॉलिड ट्यूमर में देखा जाता है। इसलिए इलाज शुरू करने से पहले जीन टेस्टिंग कराना जरूरी होता है। अगर मरीज में RET जीन बदलाव नहीं है, तो यह दवा उसके लिए उपयुक्त नहीं होगी।

कैसे काम करती है टैनस्ट्राइव?

यह एक टार्गेटेड थेरेपी है। सामान्य कीमोथेरेपी जहां तेजी से बढ़ने वाली कोशिकाओं पर असर डालती है, वहीं टार्गेटेड थेरेपी सीधे कैंसर पैदा करने वाले खास जीन या प्रोटीन को निशाना बनाती है। कंपनी के अनुसार, टैनस्ट्राइव RET जीन से बनने वाले असामान्य सिग्नल्स को ब्लॉक करती है, जिससे कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि धीमी पड़ सकती है और बीमारी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

दिन में दो बार लेनी होगी दवा

यह एक ओरल यानी मुंह से ली जाने वाली दवा है। डॉक्टर मरीज की बीमारी और स्वास्थ्य के आधार पर इसकी खुराक तय करते हैं। यह 40 mg, 80 mg, 120 mg और 160 mg की टैबलेट में उपलब्ध है। मरीज को आमतौर पर दिन में दो बार दवा लेनी होती है, लेकिन सही डोज और अवधि का फैसला केवल विशेषज्ञ डॉक्टर ही करते हैं।

14 दिन के डोज की कीमत कितनी है?

कंपनी ने टैनस्ट्राइव के एक बॉक्स की कीमत 2.15 लाख रुपये तय की है। एक बॉक्स में 14 दिनों के इलाज के लिए जरूरी दवा होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि 14 दिन में कैंसर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। कई मरीजों को बीमारी की स्थिति के अनुसार महीनों तक यह दवा लेनी पड़ सकती है। इसलिए कुल इलाज की लागत मरीज की मेडिकल स्थिति और उपचार की अवधि पर निर्भर करेगी।

प्रिसिजन मेडिसिन क्यों मानी जा रही है बड़ी उपलब्धि?

पिछले कुछ वर्षों में कैंसर के इलाज में प्रिसिजन मेडिसिन का महत्व तेजी से बढ़ा है। इसमें मरीज के कैंसर की जेनेटिक प्रोफाइल देखकर इलाज चुना जाता है। इससे ऐसे मरीजों को अधिक फायदा मिलने की संभावना रहती है जिनमें किसी विशेष जीन में बदलाव मौजूद होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में कैंसर का इलाज इसी दिशा में और आगे बढ़ेगा।

क्या इस दवा से कैंसर पूरी तरह ठीक हो जाएगा?

कैंसर स्पेशलिस्ट का कहना है कि यह पूरी तरह से मरीज की बीमारी पर निर्भर करता है। टैनस्ट्राइव को किसी चमत्कारी इलाज के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य RET जीन अल्टरेशन वाले मरीजों में बीमारी को नियंत्रित करना, कैंसर की वृद्धि को धीमा करना और कई मामलों में मरीज की जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। हर मरीज में इसका असर अलग-अलग हो सकता है।

विशेषज्ञ की सलाह के बिना न लें कोई फैसला

ऑन्कोलॉजिस्ट का कहना है कि कैंसर का इलाज हमेशा विशेषज्ञ डॉक्टर की निगरानी में होना चाहिए। किसी नई दवा के बारे में सुनकर स्वयं इलाज शुरू करना खतरनाक हो सकता है। पहले जरूरी जांच, जीन टेस्ट और मेडिकल मूल्यांकन के बाद ही यह तय किया जाता है कि मरीज के लिए टार्गेटेड थेरेपी सही विकल्प है या नहीं।

कंपनी ने क्या कहा?

एली लिली एंड कंपनी इंडिया के प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर विंसलो टकर के मुताबिक, प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी कैंसर के इलाज का भविष्य बदल रही है। उनका कहना है कि टैनस्ट्राइव भारत में RET जीन अल्टरेशन वाले मरीजों के लिए आधुनिक टार्गेटेड थेरेपी तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारत में टैनस्ट्राइव का लॉन्च कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। हालांकि, यह दवा हर मरीज के लिए नहीं है और न ही 14 दिनों में कैंसर खत्म करने का दावा करती है। सही मरीज की पहचान, जीन टेस्टिंग और विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसका इस्तेमाल किया जाना चाहिए। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी वायरल दावे पर भरोसा करने के बजाय प्रमाणित चिकित्सा सलाह के बाद ही दवा का सेवन करना चाहिए।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story