TRENDING TAGS :
Pregnancy के अंतिम चरण में योगासन या खतरे की घंटी? Shashi Prabha Dwivedi के इस वीडियो ने खड़े किए सवाल
39 Weeks Pregnant Woman Performs Advanced Yoga Poses: वीडियो वायरल होने के बाद इसे करोड़ों बार देखा जा चुका है और इसी के साथ यह बहस भी तेज हो गई है कि क्या गर्भावस्था के इतने अंतिम चरण में इस तरह के कठिन योगासन करना सुरक्षित है या नहीं।
39 Weeks Pregnant Woman Performs Advanced Yoga Poses
39 Weeks Pregnant Woman Performs Advanced Yoga Poses: बेंगलुरु से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर इस वक़्त तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में एक योग शिक्षिका 39 सप्ताह की प्रेग्नेंसी के दौरान साड़ी पहनकर चक्रासन समेत कई उन्नत योगासन करती नजर आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इसे करोड़ों बार देखा जा चुका है और इसी के साथ यह बहस भी तेज हो गई है कि क्या गर्भावस्था के इतने अंतिम चरण में इस तरह के कठिन योगासन करना सुरक्षित है या नहीं।
इस वीडियो में दिखाई दे रही महिला का नाम शशि प्रभा द्विवेदी है, जो बेंगलुरु की एक जानी-मानी योग प्रशिक्षक हैं। सोशल मीडिया पर उनके 1.8 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह नियमित रूप से योग और फिटनेस से जुड़े वीडियो साझा करती रहती हैं।
कौन हैं शशि प्रभा द्विवेदी?
शशि प्रभा द्विवेदी का सफर काफी दिलचस्प रहा है। वह पहले अर्थशास्त्र (Economics) की असिस्टेंट प्रोफेसर थीं और साल 2018 में पीएचडी की पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी शादी हुई और जीवन में कई बदलाव आए।
नई जिम्मेदारियों, पढ़ाई के दबाव और घरेलू जीवन के बीच तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान उन्होंने मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग को अपनाया। शुरुआत में यह केवल एक साधारण प्रयास था, लेकिन धीरे-धीरे यह उनकी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया।
शुरुआत में कठिन था योग का सफर
शुरुआत में उनका शरीर बहुत ही अकड़ा हुआ था और उन्हें सामान्य स्ट्रेचिंग करने में भी कठिनाई होती थी। उन्होंने किसी संस्थान से प्रशिक्षण लेने के बजाय ऑनलाइन वीडियो देखकर योग सीखना शुरू किया।
निरंतर अभ्यास के बाद उन्होंने वॉल हेडस्टैंड और अन्य कठिन योगासन सीख लिए। जब उन्होंने अपने योग अभ्यास की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, तो लोगों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
योग टीचर बनने तक का सफर
वक़्त के साथ योग उनके लिए केवल शौक नहीं बल्कि करियर बन गया। उन्होंने योग शिक्षक के रूप में प्रशिक्षण लिया और अपनी क्लासेस शुरू कीं। शुरुआत में उनके पास सिर्फ 25 छात्र थे, लेकिन एक साल के भीतर यह संख्या बढ़कर 300 से ज्यादा हो गई। साल 2022 में उन्होंने अपनी पीएचडी की पढ़ाई छोड़कर पूरी तरह योग करियर को अपनाया और बेंगलुरु में अपना योग स्टूडियो शुरू किया।
प्रेग्नेंसी में भी जारी रखा योग अभ्यास
बीते साल उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने डॉक्टर की सलाह के अनुसार योग अभ्यास जारी रखा। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा विशेषज्ञों की निगरानी में और पूरी सावधानी के साथ अभ्यास किया है।
वायरल वीडियो में वह 39 हफ्ते की गर्भावस्था के दौरान भी चक्रासन और अन्य योग मुद्राएं करती दिखाई देती हैं। हालांकि, इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद हजारों यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने इसे प्रेरणादायक और फिटनेस का नया उदाहरण बताया है, जबकि कई लोगों ने इसे जोखिम भरा और असुरक्षित करार दिया है।
इसे लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि गर्भावस्था के आखिरी चरण में किसी भी प्रकार का कठिन शारीरिक अभ्यास केवल डॉक्टर की सलाह और विशेषज्ञ निगरानी में ही करना चाहिए।
पति और परिवार का मिला समर्थन
शशि प्रभा द्विवेदी ने बताया कि उनके पति हमेशा उनके सपोर्ट सिस्टम की तरह रहे हैं। उन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया है। उनका कहना है कि आलोचनाओं के बावजूद वह अपने योग अभ्यास और फिटनेस को लेकर पूरी तरह संतुलित दृष्टिकोण रखती हैं।
बता दे, यह मामला एक तरफ जहां फिटनेस और योग के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है, तो वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी खड़ा करता है कि गर्भावस्था के दौरान किस स्तर तक शारीरिक गतिविधियां सुरक्षित हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसी किसी भी गतिविधि को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बहुत ही आवश्यक है।


