Karkinos Healthcare: रिलायंस की कार्किनोस हेल्थकेयर ने एक लाख महिलाओं की HPV DNA जांच पूरी की

Karkinos Healthcare: रिलायंस की कार्किनोस हेल्थकेयर ने देशभर में एक लाख से अधिक महिलाओं की HPV DNA जांच पूरी की। डिजिटल केयर मॉडल के जरिए सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान, फॉलो-अप और उपचार तक पहुंच बढ़ाने का लक्ष्य है।

Newstrack Network
Published on: 24 Jun 2026 9:41 PM IST
Karkinos Healthcare
X

Karkinos Healthcare (Image Credit-Social Media)

मुंबई, 24 जून 2026: रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की 100 प्रतिशत स्टेप-डाउन सहायक कंपनी कार्किनोस हेल्थकेयर ने देशभर में एक लाख से अधिक महिलाओं की HPV DNA जांच पूरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि भारत में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की समय पर पहचान, रोकथाम और उपचार तक महिलाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

कार्किनोस हेल्थकेयर ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अनुशंसित HPV DNA जांच के साथ एक डिजिटल "कंटीन्यूम ऑफ केयर" मॉडल विकसित किया है, जिसके तहत जागरूकता, स्क्रीनिंग, ट्रैकिंग, ट्रायेज, रोगी मार्गदर्शन (नेविगेशन) और उपचार तक निरंतर फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाता है। इस मॉडल का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि पॉजिटिव पाई गई प्रत्येक महिला को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

कार्किनोस हेल्थकेयर की अर्ली डिटेक्शन एंड वीमेन वेलनेस की सलाहकार एवं पद्मश्री सम्मानित विशेषज्ञ डॉ. नीरजा भाटला ने कहा कि HPV DNA जांच सर्वाइकल कैंसर की प्राथमिक जांच का सबसे विश्वसनीय माध्यम है। उन्होंने कहा कि जांच के साथ यह सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है कि जिन महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आए, उन्हें निदान और उपचार तक पूरी तरह जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि महानगरों से आगे जिलों और छोटे शहरों तक इस व्यवस्था का विस्तार भारत के सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन अभियान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्किनोस हेल्थकेयर के वरिष्ठ ऑन्कोलॉजी सलाहकार डॉ. गौरा किशोर रथ ने कहा कि भारत में सबसे बड़ी चुनौती बीमारी की जानकारी नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण जांच और उपचार की पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक उच्च गुणवत्ता वाली जांच पहुंचाना और उन्हें उपचार की पूरी प्रक्रिया से जोड़े रखना ही वास्तविक जनस्वास्थ्य उपलब्धि है।

कार्किनोस हेल्थकेयर की चीफ ग्रोथ ऑफिसर (वीमेन वेलनेस) एवं डिस्ट्रिब्यूटेड कैंसर केयर नेटवर्क (DCCN) की प्रमुख सुश्री श्रीप्रिया राव ने कहा कि एक लाख जांच का यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं, बल्कि उन महिलाओं तक सम्मानपूर्वक और टिकाऊ तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रमाण है, जो लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य किसी भी महिला को जांच के बाद उपचार प्रक्रिया से छूटने नहीं देना है।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) परियोजनाओं, नर्स-सहायता प्राप्त एवं सेल्फ- सैंपलिंग कार्यक्रमों, जिला स्तरीय स्क्रीनिंग अभियानों तथा वंचित एवं उच्च जोखिम वाले समुदायों तक विशेष पहुंच कार्यक्रमों के माध्यम से हासिल की गई है।

सुश्री राव ने इस अवसर पर दिवंगत कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आर. शंकरनारायणन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच को लेकर उनकी वैज्ञानिक सोच और दूरदृष्टि ने इस अभियान की मजबूत नींव रखी। उन्होंने बताया कि रिलायंस के सहयोग से कंपनी अब अगले चरण में 10 लाख और भविष्य में 10 करोड़ महिलाओं तक जिम्मेदारीपूर्वक HPV DNA जांच पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

कार्किनोस हेल्थकेयर के अनुसार, भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे सामान्य कैंसरों में शामिल है। समय पर स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान और उचित उपचार के माध्यम से इस बीमारी से होने वाली अधिकांश मौतों को रोका जा सकता है। कंपनी का मानना है कि तकनीक आधारित संगठित स्क्रीनिंग कार्यक्रम देश में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्किनोस हेल्थकेयर, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की स्टेप-डाउन सहायक कंपनी है, जो तकनीक आधारित कैंसर देखभाल सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी का "डिस्ट्रिब्यूटेड कैंसर केयर मॉडल" कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान, जांच, उपचार और अनुसंधान को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराता है। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और किफायती कैंसर उपचार देश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story