Vegan Diet वाले लोग आखिर क्या खाते हैं? बिना दूध और मांस के इस तरह से पूरी करते हैं शरीर की जरूरतें

Vegan Protein Sources: वीगन लोग किसी भी ऐसे खाद्य पदार्थ का सेवन नहीं करते जो सीधे तौर पर जानवरों से प्राप्त होता हो।

Priya Singh Bisen
Published on: 17 Jun 2026 12:07 PM IST
Vegan Protein Sources
X

Vegan Protein Sources

Vegan Protein Sources: बीते कुछ सालों में पूरे विश्व में Vegan Diet का चलन तेजी से बढ़ा है। भारत में भी बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण को गंभीरता से लेते हुए इस लाइफस्टाइल को अपना रहे हैं। हालांकि, आम लोगों के मन में हमेशा से यह सवाल खड़ा होते आया है कि जब वीगन लोग दूध, दही, पनीर, अंडे और मांस जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करते, तो उनकी डाइट में आखिर क्या शामिल होता है और शरीर को आवश्यक पोषक तत्व कैसे मिलते हैं?

विशेषज्ञों के अनुसार, वीगन डाइट पूरी तरह पौधों से प्राप्त खाद्य पदार्थों पर आधारित होती है। इसमें फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, बीन्स, मेवे, बीज और पौधों से बने अन्य खाद्य उत्पाद शामिल होते हैं। वीगन लोग किसी भी ऐसे खाद्य पदार्थ का सेवन नहीं करते जो सीधे तौर पर जानवरों से प्राप्त होता हो।

प्रोटीन के लिए क्या खाते हैं वीगन?

Vegan Diet को लेकर सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है प्रोटीन का। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार दालें, राजमा, छोले, सोयाबीन, टोफू और अन्य फलियां प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं। इन खाद्य पदार्थों के नियमित रूप से सेवन से शरीर की प्रोटीन जरूरत को बहुत हद तक पूरा किया जा सकता है। इसके अलावा क्विनोआ, मूंगफली और विभिन्न प्रकार के बीज भी प्रोटीन उपलब्ध कराते हैं।

डेयरी उत्पादों की जगह क्या लेते हैं?

दूध और डेयरी उत्पादों के विकल्प के रूप में वीगन लोग सोया मिल्क, ओट मिल्क और मटर से तैयार प्लांट-बेस्ड ड्रिंक्स का प्रयोग करते हैं। इसके अलावा पौधों से बने योगर्ट और अन्य डेयरी विकल्प भी बाजार में उपलब्ध हैं। कई उत्पादों में कैल्शियम और विटामिन डी जैसी आवश्यक पोषक तत्वों की फोर्टिफिकेशन भी की जाती है।

कैल्शियम की आवश्यकता कैसे होती है पूरी?

कैल्शियम हड्डियों के लिए बहुत ही अहम माना जाता है। वीगन डाइट अपनाने वाले लोग ब्रोकली, पत्तागोभी, भिंडी, तिल, टोफू, ताहिनी और सूखे मेवों का सेवन कर कैल्शियम प्राप्त करते हैं। वहीं विटामिन डी के लिए नियमित धूप लेना सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है। आवश्यकता पड़ने पर फोर्टिफाइड फूड्स और सप्लीमेंट्स की सहायता भी ली जाती है।

आयरन और विटामिन बी12 पर खासतौर से ध्यान

विशेषज्ञ बताते हैं कि वीगन लोगों को आयरन की कमी से बचने के लिए दालें, साबुत अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां, मेवे और सूखे फलों को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। आयरन के बेहतर अवशोषण के लिए विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ जैसे संतरा, आंवला और नींबू भी फायदेमंद होते हैं।

वहीं, विटामिन बी12 मुख्य रूप से पशु उत्पादों में पाया जाता है। ऐसे में वीगन लोगों को फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों या डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स का सहारा लेना पड़ सकता है।

संतुलित योजना है बेहद अहम

पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि अगर Vegan Diet को सही तरीके से प्लान किया जाए तो यह स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकती है। लेकिन बिना उचित जानकारी के अपनाई गई वीगन डाइट से कैल्शियम, आयरन, विटामिन बी12, आयोडीन और सेलेनियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों की कमी का खतरा बढ़ सकता है।

इसलिए वीगन लाइफस्टाइल अपनाने से पहले किसी पोषण विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर माना जाता है, ताकि शरीर को सभी आवश्यक पोषक तत्व संतुलित मात्रा में मिल सकें।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story