TRENDING TAGS :
देशभर में मानसून से हाहाकार! हिमाचल-उत्तराखंड में भयंकर तबाही, मंडी में हालात बेकाबू, देश में बिगड़े हालात
Monsoon Havoc In India: उत्तर भारत के मैदान से लेकर पहाड़ तक लोग बड़े संकट में हैं।
Monsoon Havoc In India
Monsoon Havoc In India: इस वक़्त पूरे देश में मानसून राहत के साथ-साथ घोर तबाही भी लेकर आया है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से 9 दिन पहले ही पूरे भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। जहां किसानों के लिए मानसून वरदान साबित हो रहा है, तो वहीं कई राज्यों में भारी वर्षा ने बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी आपदाएं पैदा कर दी हैं। उत्तर भारत के मैदान से लेकर पहाड़ तक लोग बड़े संकट में हैं।
हिमाचल में भयंकर तबाही, मंडी बना तबाही का केंद्र
इस वक़्त हिमाचल प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक है। मंडी जिले में भारी वर्षा और बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। पंडोह डैम से 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण पंडोह बाजार में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मंडी, करसोग और धर्मपुर क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाओं के बाद लगभग 7 लोग लापता हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति अपनी जान गंवा चुका है।
बता दे, NDRF की टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं और अब तक करीब 39 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। भारी वर्षा के कारण राज्य में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
ब्यास नदी ने फिर बदला रास्ता
मनाली में ब्यास नदी ने भारी वर्षा के कारण एक बार फिर रास्ता बदल दिया है, जिससे किनारे बसे घरों और दुकानों को संकट खड़ा हो गया है। लोगों को दो साल पहले आई बाढ़ की भयावह यादें फिर सताने लगी हैं।
उत्तराखंड में रेड अलर्ट, रोकी गई चारधाम यात्रा
उत्तराखंड में भी हालात इस वक़्त बहुत ख़राब हैं। मौसम विभाग ने भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। फिलहाल ऐसी स्थिति को देखते हुए चारधाम यात्रा को 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है। उत्तरकाशी में सिलाई बैंड के पास बादल फटने से भूस्खलन हुआ, जिसमें 9 मजदूर मलबे में दब गए। दो शव बरामद कर लिए गए हैं और बाकी की तलाश जारी है।
झारखंड, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी हालात नाजुक
झारखंड के जमशेदपुर और रामगढ़ में भारी वर्षा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रजरप्पा मंदिर के पास भैरवी नदी में तेज बहाव के कारण एक युवक की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। ओडिशा और राजस्थान में भी नदियों का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाके संकट में हैं।
सीएम सुखविंदर सिंह सुखू ने जताई चिंता
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने सोशल मीडिया पर गहन चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दे रही है और प्रशासन राहत कार्यों में लगा हुआ है।
अगले 24 घंटे बेहद नाज़ुक
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे कि हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा और बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
बता दे, इस बार का मानसून जहां खेती के लिए वरदान है, तो वहीं कई राज्यों के लिए ये मौसम बड़ा संकट भी बन गया है। प्रशासन, NDRF और स्थानीय टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्यों में तेजी से लगी हुई हैं, लेकिन हालात अभी पूरी तरह काबू में नहीं हैं। देशवासियों से अपील है कि मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित रहें।


