1.5 Kg Silver Slippers: कोल्हापुर में दामाद को मिला अनोखा तोहफा, चांदी की कोल्हापुरी चप्पल बनी चर्चा का विषय

1.5 Kg Silver Slippers: महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक ससुर ने अपने दामाद के स्वागत के लिए डेढ़ किलो चांदी की खास ‘कोल्हापुरी चप्पल’ बनवाई। करीब 4 लाख रुपये की इस अनोखी चप्पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

Aditya Kumar Verma
Published on: 19 May 2026 11:39 AM IST (Updated on: 19 May 2026 11:41 AM IST)
1.5 Kg Silver Slippers
X

Ai Edited Image 

1.5 Kg Silver Slippers: महंगाई के इस दौर में जहां सोना और चांदी जैसी कीमती चीजें आम लोगों की पहुंच से धीरे-धीरे दूर होती जा रही हैं, वहीं कुछ लोग अपने रिश्तों और शौक को खास बनाने के लिए आज भी कुछ ऐसा कर जाते हैं, जिसकी हर तरफ चर्चा शुरू हो जाती है। इसी बीच महाराष्ट्र के कोल्हापुर से भी एक ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

यहां एक ससुर ने अपने दामाद के स्वागत को यादगार बनाने के लिए डेढ़ किलो चांदी की खास ‘कोल्हापुरी चप्पल’ तैयार करवाई है। पारंपरिक अंदाज में बनी यह चप्पल अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

डेढ़ किलो चांदी से तैयार हुई खास चप्पल

वायरल तस्वीरों के बारे में बताया जा रहा है कि यह खास चप्पल पूरी तरह चांदी से तैयार की गई है। इसका वजन करीब डेढ़ किलो है और इसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। कोल्हापुर की पारंपरिक पहचान मानी जाने वाली ‘कोल्हापुरी चप्पल’ को इस बार एक बेहद आलीशान अंदाज में तैयार कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खास जोड़ी को बनाने के लिए कोल्हापुर के एक कारीगर ने लगातार करीब आठ दिनों तक मेहनत की है। चप्पल को पारंपरिक डिजाइन में ही तैयार किया गया है, ताकि उसकी असली पहचान और खूबसूरती बनी रहे। जानकारी के मुताबिक, इस काम के लिए कारीगर को 22 हजार रुपये मजदूरी भी दी गई है।

दामाद के स्वागत को खास बनाने की कोशिश

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांगली जिले के एक संपन्न परिवार से जुड़े ससुर ने अपने दामाद के स्वागत को सबसे अलग और यादगार बनाने के लिए यह खास तोहफा तैयार करवाया है। इसके लिए उन्होंने खास तौर पर कोल्हापुर के कारीगरों से संपर्क किया और चांदी की यह अनोखी चप्पल बनवाई है।

वहीं रिश्तों में अपनापन दिखाने और अपने शौक को खास अंदाज में पेश करने की इस कोशिश ने अब लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। साथ ही शादी-ब्याह के इस सीजन में यह अनोखा तोहफा चर्चा का विषय बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

फिलहाल चांदी की इस ‘कोल्हापुरी चप्पल’ की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और इसकी चर्चा भी खूब कर रहे हैं। वैसे भी ‘कोल्हापुरी चप्पल’ हाल ही में प्राडा विवाद के बाद दुनियाभर में सुर्खियां बटोर चुकी है। ऐसे में अब चांदी से बनी यह खास चप्पल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story