TRENDING TAGS :
3500 Villagers Insured: महाराष्ट्र की अनोखी शादी, 3500 ग्रामीणों का करा डाल दुर्घटना बीमा
3500 Villagers Insured: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादरपुरा गांव में एक शादी चर्चा का विषय बन गई, जहां पेठकर परिवार ने बेटे सिद्धेश्वर पेठकर की शादी पर पूरे गांव के 3500 लोगों का दुर्घटना बीमा कराया। इस अनोखी पहल को सामाजिक जिम्मेदारी और इंसानियत की मिसाल माना जा रहा है।
3500 Villagers Insured: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के कंधार तालुका स्थित बहादरपुरा गांव में एक शादी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक समारोह ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और इंसानियत की मिसाल भी बन गई है।
जहां आजकल शादी समारोहों में लाखों रुपये सजावट, आतिशबाजी और भव्य आयोजनों पर खर्च किए जाते हैं, वहीं बहादरपुरा गांव के पेठकर परिवार ने अपने बेटे सिद्धेश्वर पेठकर की शादी को समाज सेवा से जोड़कर एक अलग संदेश देने का काम किया है।
बेटे की शादी को बनाया समाज सेवा का माध्यम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां के सिद्धेश्वर पेठकर और मंजुषा के विवाह समारोह के अवसर पर पेठकर परिवार ने पूरे गांव के लोगों के लिए एक अनोखा फैसला लिया। जिसके तहत परिवार ने बहादरपुरा गांव के करीब 3500 लोगों का दुर्घटना बीमा कराने का निर्णय किया।
वहीं परिवार का कहना है कि शादी सिर्फ अपनी खुशी का मौका नहीं होती, बल्कि समाज के लिए कुछ अच्छा करने का अवसर भी होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने गांव के लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल शुरू की।
गांव वालों को मिला सुरक्षा का भरोसा
बताया जा रहा है कि, पेठकर परिवार की इस पहल का मकसद यह है कि भविष्य में अगर किसी ग्रामीण के साथ कोई दुर्घटना या अप्रिय घटना होती है, तो उसे आर्थिक मदद मिल सके और परिवार को मुश्किल समय में सहारा मिल जाए।
परिवार का मानना है कि आज के समय में अचानक होने वाली घटनाएं कई परिवारों को आर्थिक संकट में डाल देती हैं। ऐसे में अगर पहले से बीमा जैसी सुविधा मौजूद हो, तो कठिन परिस्थितियों में लोगों को राहत मिल सकती है।
गांव में खुशी और गर्व का माहौल
वही जैसे ही गांव के लोगों को इस पहल की जानकारी मिली, पूरे बहादरपुरा गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी शादी में ऐसा सामाजिक संदेश देखा है।
वहीं इसको लेकर गांव के बुजुर्गों का कहना है कि यह पहल आने वाले समय में दूसरे परिवारों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। लोगों ने कहा कि, अगर हर सक्षम परिवार अपने निजी आयोजनों को समाज हित से जोड़ने लगे, तो कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी आसान हो सकती है।
पूरे इलाके में हो रही सराहना
वहीं पेठकर परिवार के इस फैसले की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की जमकर सराहना की है।
इसको लेकर लोगों का कहना है कि शादी जैसे खुशी के मौके पर समाज के बारे में सोचना एक बड़ी और प्रेरणादायक सोच है। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि बदलाव लाने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती, बल्कि अच्छी सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव होना जरूरी है।
“वधू का आगमन हुआ और गांव सुरक्षित हो गया”
दरअसल बहादरपुरा गांव की यह शादी अब सिर्फ एक विवाह समारोह नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक चेतना और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन चुकी है।
यहां “वधू का आगमन हुआ और गांव सुरक्षित हो गया” यह संदेश अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि, पेठकर परिवार की इस अनोखी पहल ने यह दिखा दिया कि खुशियों के अवसर पर अगर समाज के बारे में सोचा जाए, तो बदलाव की एक नई शुरुआत की जा सकती है।


