TRENDING TAGS :
जर्जर झोपड़ी में मिला नोटों का ‘पहाड़’! बंडल गिनने को मंगानी पड़ी मशीन, फटी रह गई पुलिसवालों की आंखे
Bihar News: अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को एक जर्जर झोपड़ी से करीब 44 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
Bihar News
Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस छापेमारी के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को एक जर्जर झोपड़ी से करीब 44 लाख रुपये नकद बरामद हुए। यह घटना चकमेहसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव की है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि सैदपुर बाजार समिति के पास स्थित एक झोपड़ी में शराब का अवैध कारोबार चल रहा है।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार अपनी टीम के साथ देर शाम मौके पर पहुंचे। झोपड़ी की हालत बेहद खराब थी और पुलिस को उम्मीद थी कि वहां से शराब की खेप मिलेगी। हालांकि तलाशी के दौरान जो मिला, उसने सभी को हैरान कर दिया। घर के एक कोने में रखे एक कार्टन को खोलने पर उसमें चायपत्ती का बोरा मिला। जब बोरे की जांच की गई तो उसके अंदर अलग-अलग थैलों और झोलों में नोटों के बंडल भरे हुए थे।
पुलिस ने मौके पर ही नकदी की गिनती शुरू कराई। कुल 43 लाख 94 हजार 500 रुपये बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। सदर डीएसपी संजय कुमार और जिला पुलिस अधीक्षक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। बाद में आयकर विभाग को भी सूचित किया गया, जिसके बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बरामद नकदी की गिनती मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई गई। नोटों की सत्यता की जांच के लिए मशीन मंगाई गई और बंडलों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि जिस सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी, वहां से कोई अवैध शराब नहीं मिली। वहीं झोपड़ी का मालिक मौके से फरार हो गया। बाद में उसने परिजनों के माध्यम से दावा किया कि यह रकम पैतृक जमीन की बिक्री से प्राप्त हुई है और वह इसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत करेगा।
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, लेकिन उसके बयान बदलते रहने से संदेह गहराता जा रहा है। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी झोपड़ी में क्यों और किन परिस्थितियों में रखी गई थी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


