Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज, कहीं राहत तो कहीं आफत

Aaj Ka Mausam: देश के कई शहरों में मौसम बदल गया है। तापमान में फिर से एक बार गिरावट दर्ज हुई है।

Newstrack/IANS
Published on: 16 March 2025 7:33 AM IST
Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज, कहीं राहत तो कहीं आफत
X

Aaj Ka Mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। एक ओर जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश ने तापमान में गिरावट लाकर लोगों को राहत दी है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण और मध्य भारत के राज्यों में भीषण गर्मी का असर दिखने लगा है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, यूपी, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश के बाद मौसम शुष्क बना रहेगा।

वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। बिहार के खगड़िया में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे मार्च में ही जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।

गर्मी का कहर

दक्षिण और पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सबसे अधिक गर्मी कर्नाटक के उत्तरी भाग में देखी गई, जहां ऐनापुर हुबली गांव में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन में अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है।

हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी, पहाड़ी इलाकों में अलर्ट

दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रकोप जारी है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की पांगी घाटी में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को बीमार लोगों को पालकी में लादकर अस्पताल ले जाना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों में भी बर्फबारी दर्ज की गई। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटन स्थलों पर भी हिमपात हुआ।

Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story