TRENDING TAGS :
सोनिया मान से लेकर जसकंवर सिंह गिल तक...पंजाब चुनाव के लिए AAP ने इन चेहरों पर लगाया दांव! कई दिग्गजों का कटा टिकट
AAP Candidate List: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने दूसरी सूची में सोनिया मान, जसकंवर सिंह गिल और मीत हेयर समेत कई चेहरों पर दांव लगाया है। वहीं, गुरमीत सिंह खुड्डियां, अनमोल गगन मान और लालजीत सिंह भुल्लर समेत कई नेताओं का टिकट कट गया है।
Sonia Mann And Jaskanwar Singh Gill
AAP Candidate List: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी दूसरी कैंडिडेट लिस्ट में कई चर्चित चेहरों को जगह दी है। इस सूची में सोनिया मान से लेकर जसकंवर सिंह गिल तक के नाम शामिल हैं। पार्टी ने कुछ मौजूदा विधायकों और पुराने चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। ऐसे में उम्मीदवारों की यह सूची पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है।
पिता-पुत्र दोनों को मिला टिकट
AAP की दूसरी सूची में सबसे चर्चित नाम गुरमीत सिंह मीत हेयर और डॉ. राज कुमार चब्बेवाल के हैं। संगरूर से सांसद मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह पहले भी बरनाला से विधायक रह चुके हैं। वहीं, होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट दिया गया है। उनके बेटे ईशांक कुमार चब्बेवाल को पार्टी पहले ही चब्बेवाल विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इस तरह पंजाब चुनाव में AAP ने पिता-पुत्र दोनों को टिकट दिया है।
अभिनेत्री सोनिया मान को AAP ने मैदान में उतारा
दूसरी सूची में पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को अमृतसर की राजा सांसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। सोनिया मान पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं। उनके पिता बलदेव सिंह मान किसान नेता और कीर्ति किसान यूनियन से जुड़े थे। 1986 में आतंकवादियों ने उनकी हत्या कर दी थी। सोनिया मान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत मलयालम फिल्मों से की थी। उनकी शुरुआती फिल्मों में 'हाइड एंड सीक' शामिल है। इसके अलावा उन्होंने पंजाबी, हिंदी, तेलुगु और मराठी फिल्मों में भी काम किया है। हिंदी फिल्म 'कहीं है मेरा प्यार' में भी वह नजर आ चुकी हैं।
23 फरवरी 2025 को सोनिया मान ने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। जून 2025 में पार्टी ने उन्हें राजा सांसी विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज बनाया था। बाद में उन्होंने माझा जोन में नशा मुक्ति मोर्चा की जिम्मेदारी भी संभाली। अब उन्हें विधानसभा उम्मीदवार बनाया गया है।
पहलवान जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को भी मिला टिकट
जसकंवर सिंह गिल को पंजाब में जस्सा पट्टी के नाम से जाना जाता है। वह देश के चर्चित मिट्टी के अखाड़ों वाले पहलवानों में शामिल रहे हैं। पंजाब के तरनतारन जिले से ताल्लुक रखने वाले जस्सा पट्टी ने दंगल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें कई बार आधुनिक दौर का दारा सिंह और मिट्टी का शेर तक कहा गया है। साल 2018 में तुर्किये में आयोजित यासर डोगू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान भी वह सुर्खियों में आए थे। दरअसल, प्रतियोगिता में रेफरी ने उन्हें पटका हटाने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने धार्मिक मान्यताओं का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इसके चलते उनके प्रतिद्वंद्वी को वॉकओवर मिल गया था।
जस्सा पट्टी का नाम किसान आंदोलन से भी जुड़ा रहा है। दिसंबर 2020 में वह कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन में समर्थन देने पहुंचे थे। जसकंवर सिंह गिल को आम आदमी पार्टी ने 28 जुलाई 2026 को पट्टी विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त किया था। वह पंजाब स्पोर्ट्स वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। अब उन्हें विधानसभा का टिकट भी मिल गया है।
रमीत सिंह खुड्डियां समेत इन नेताओं का टिकट कटा
आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में सबसे बड़ा बदलाव लांबी सीट पर हुआ है। पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को यहां से दोबारा टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है। खुड्डियां ने 2022 के विधानसभा चुनाव में पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को हराया था। इसके अलावा पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान को खरड़ से टिकट नहीं मिला। उनकी जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है। पट्टी से पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की जगह जसकंवर सिंह गिल को टिकट दिया गया है।
बठिंडा ग्रामीण से अमित रतन कोटफत्ता, जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा और चमकौर साहिब से डॉ. चरणजीत सिंह को भी दोबारा मौका नहीं मिला। इन सीटों पर क्रमश: गोपाल सिंह, नितिन कोहली और जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया गया है।


