गिरफ्तारी हुई तो भी नहीं रुकेगा प्रदर्शन…जंतर-मंतर मार्च से पहले अभिजीत दीपके ने बताया मास्टर प्लान!

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले गिरफ्तारी की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद भी प्रदर्शन नहीं रुकना चाहिए। जानें, क्या हैं CJP की मांगें।

Aditya Kumar Verma
Published on: 9 Oct 2026 10:05 PM IST
Abhijeet Dipke Warns of Arrest Ahead of CJP Protest
X

Image Source- Social Media

CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन शुरू होने जा रहा है। हालांकि, दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने प्रदर्शन से ठीक पहले एक वीडियो जारी कर लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है। उन्होंने शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचने के अपने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि दिल्ली पहुंचने पर उनके साथ क्या होगा। उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार (Arrest) किया जा सकता है, लेकिन वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।

अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है, तब भी प्रदर्शन रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी उठाने की अपील की। दीपके के मुताबिक, यह लड़ाई निष्पक्ष चुनाव (Fair Elections) और देश के लोकतंत्र (Democracy) को बचाने के लिए है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी को भी ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिससे आंदोलन की छवि खराब हो।

जंतर-मंतर मार्च से पहले अभिजीत दीपके का वीडियो

अभिजीत दीपके ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो अपलोड किया। इसमें उन्होंने शनिवार को होने वाले मार्च के बारे में बताया और कहा कि वह सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए निकलेंगे। हालांकि, राजधानी पहुंचने के बाद उनके साथ क्या होगा, इसे लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

दीपके ने अपने वीडियो में कहा, “कल हमारा मार्च जंतर-मंतर पर होने जा रहा है। उसके लिए कल सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए निकलूंगा। सुबह लैंड होने के बाद दिल्ली में मेरे साथ क्या होगा, मुझे पता नहीं। मुझे एयरपोर्ट से अरेस्ट किया जाता है या क्या किया जाएगा, पता नहीं, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा, क्योंकि लोकतंत्र बचाना है।”

उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है, तो इससे उन्हें डर नहीं है। सरकार चाहे तो उन पर यूएपीए (UAPA) या राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगा सकती है, लेकिन वह अपने मुद्दे से पीछे नहीं हटेंगे। दीपके के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी जिस मांग को लेकर लड़ रही है, वह निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग है।

'ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR खत्म किए बिना निष्पक्ष चुनाव नहीं'

अभिजीत दीपके ने अपने वीडियो में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) को खत्म करने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि इन दोनों मांगों के पूरा हुए बिना निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं।

दीपके ने कहा, “निष्पक्ष चुनाव बिना ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर स्क्रैप किए बिना नहीं हो सकते हैं। देश का लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ाई है। सभी लोग जंतर-मंतर आइए। कोई भी हमारी तरफ से गलती नहीं करेगा। हम देश को बचाने, लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। हम गुंडे नहीं हैं, शांति से प्रदर्शन करना है।”

उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें। दीपके ने आशंका जताई कि कुछ लोग बाहर से गुंडे भेजकर प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाने या माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार भी ऐसा किया गया था। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें भी जमानत मिल गई है।

'गिरफ्तारी से नहीं डरता, UAPA लगाना है तो लगा दो'

अभिजीत दीपके ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि वह अमेरिका से भारत क्यों लौटे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने देश से बहुत प्यार है और इसी वजह से वह अमेरिका से वापस भारत आए हैं। उनके मुताबिक, लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना जरूरी है और प्रदर्शनकारियों को महात्मा गांधी के रास्ते पर चलना चाहिए।

दीपके ने कहा, “मैं अपने देश से प्यार करता हूं, तभी अमेरिका से यहां वापस आया हूं। हम लोगों को शांतिपूर्वक प्रदर्शन करना है और महात्मा गांधी के पथ पर चलना है। मुझे जेल का डर नहीं है, कब तक डर कर जिएंगे। इतने साल से डरकर ही तो जी रहे हैं। कभी जेल, कभी केस, यूएपीए का डर दिखा देते हैं।”

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर निष्पक्ष चुनाव की मांग करने पर भी यूएपीए लगाने की बात होगी, तो क्या आंदोलनकारी अपनी मांग उठाना छोड़ देंगे। दीपके ने कहा कि उन्हें अब डरकर नहीं जीना है और वह आखिरी दम तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, “निष्पक्ष चुनाव की डिमांड करेंगे तो क्या यूएपीए लगा दोगे? लगा दो, लेकिन आखिरी तक लड़ते रहेंगे। डर-डरकर जीकर थक गए हैं, अब नहीं डरेंगे।”

अभिजीत दीपके गिरफ्तार हुए तो क्या होगा?

प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने सबसे अहम अपील अपनी संभावित गिरफ्तारी को लेकर की। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है, तब भी प्रदर्शनकारियों को आंदोलन जारी रखना होगा। उनके मुताबिक, किसी एक व्यक्ति की गिरफ्तारी से लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर शुरू हुई लड़ाई नहीं रुकनी चाहिए।

दीपके ने कहा कि प्रदर्शन को सफल बनाने की जिम्मेदारी आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों की है। उन्होंने दोहराया कि आंदोलन शांतिपूर्ण होना चाहिए और किसी भी प्रदर्शनकारी की ओर से ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए, जिससे आंदोलन का उद्देश्य पीछे छूट जाए।

उनकी अपील साफ है कि गिरफ्तारी की आशंका के बावजूद लोग जंतर-मंतर पहुंचें और शांतिपूर्वक अपनी मांग रखें। दीपके ने कहा कि वह खुद गिरफ्तारी से नहीं डरते और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।

दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कॉकरोच जनता पार्टी के शनिवार को होने वाले जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने गिरफ्तारी की आशंका जताने के साथ ही आंदोलनकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संदेश दिया है।

कॉकरोच जनता पार्टी की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और एसआईआर को खत्म करना है। पार्टी का कहना है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए ये कदम जरूरी हैं। वहीं, अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखें और अगर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है, तो भी प्रदर्शन जारी रखें।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story