TRENDING TAGS :
ABVP का क्लीन स्वीप! गोवा यूनिवर्सिटी के सभी 9 सीटों पर कब्जा, मुंह ताकते रह गई NSUI, खाता भी नहीं खुला
गोवा यूनिवर्सिटी छात्र परिषद चुनाव 2026-27 में ABVP ने सभी नौ पदों पर जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप किया।
ABVP: गोवा यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने सभी नौ पदों पर जीत दर्ज कर अपना पूरा पैनल चुनवा लिया है। दूसरी ओर कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को एक भी सीट नहीं मिली। इस नतीजे के साथ ही गोवा यूनिवर्सिटी के नए छात्र परिषद में ABVP का पूरी तरह प्रतिनिधित्व होगा। संगठन ने अध्यक्ष से लेकर कार्यकारी सदस्यों तक सभी पदों पर जीत हासिल की है।
चुनाव में ABVP के उम्मीदवारों ने सभी नौ पदों पर जीत दर्ज की। संगठन के लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल के दिनों में देश के दूसरे विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ चुनावों में भी उसे सफलता मिली है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में ABVP ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत हासिल की थी। वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ लद्दाख में आठ में से पांच पदों पर संगठन के उम्मीदवार जीते थे। इसके अलावा महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (MUHS) के छात्र परिषद और सीनेट चुनाव में भी ABVP ने सभी नौ सीटें अपने नाम की थीं।
गोवा यूनिवर्सिटी छात्र परिषद में किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?
चुनाव में जीत के बाद गोवा यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल (GUSC) के नए पदाधिकारियों के नाम भी सामने आ गए हैं। कलपेश संतोष वाल्के को चेयरमैन चुना गया है, जबकि श्रेयांश तुलसीदास नाइक को सचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, पूर्वी विजय परब लेडी रिप्रेजेंटेटिव चुनी गई हैं।
छात्र परिषद के छह कार्यकारी सदस्यों में अनिश यशोदान गांवस देसाई, आर्थिकेश अशोक नाइक, माधव संदेश देसाई, निधि नामदेव मलिक, सावालो संजय शेट और वेंकटेश उर्फ श्रेयश श्रीराम शेट वेरेनकर शामिल हैं। इस तरह नौ पदों वाली पूरी परिषद में ABVP के उम्मीदवारों को जगह मिली है।
ABVP ने कहा- युवा अब छात्र नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं
गोवा में मिली इस जीत पर ABVP के कोंकण प्रांत मंत्री राहुल राजोरिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे नई पीढ़ी की बदलती सोच और छात्र नेतृत्व में उसकी बढ़ती भागीदारी को दिखाते हैं। राजोरिया के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय से लेकर गोवा यूनिवर्सिटी तक अलग-अलग कैंपस में मिले नतीजे बताते हैं कि Gen Z अब छात्र राजनीति और नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रवादी सोच, जिम्मेदारी का एहसास और देश के निर्माण में योगदान देने की भावना छात्र नेतृत्व के जरिए सामने आ रही है। उनके मुताबिक, युवा अब सिर्फ दर्शक बनकर नहीं रहना चाहते, बल्कि आगे आकर नेतृत्व करना और समाज व देश के लिए योगदान देना चाहते हैं।
नए छात्र प्रतिनिधियों के सामने होंगी ये जिम्मेदारियां
चुनाव जीतने के बाद अब नए छात्र प्रतिनिधियों के सामने विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनका समाधान कराने की जिम्मेदारी होगी। उन्हें कैंपस की समस्याओं पर काम करना होगा, छात्रों की भागीदारी बढ़ानी होगी और पढ़ाई के साथ विश्वविद्यालय के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को आगे ले जाना होगा।
गोवा यूनिवर्सिटी के चुनाव में सभी नौ सीटें जीतना ABVP के लिए एक और बड़ी चुनावी सफलता है। इससे देश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों के छात्र संगठनों में उसकी मौजूदगी और मजबूत हुई है। वहीं, NSUI के लिए यह चुनाव निराशाजनक रहा, क्योंकि संगठन किसी भी पद पर जीत दर्ज नहीं कर सका।


