Air India में फिर हड़कंप! 2 और पायलट ड्रग टेस्ट में फेल, फाइनल रिपोर्ट तक फ्लाइट ड्यूटी से हटाए गए

Air India Drug Test: फाइनल रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी और फ्लाइट रोस्टर से हटा दिया गया है।

Priya Singh Bisen
Published on: 17 Aug 2026 2:10 PM IST
Air India Drug Test
X

Air India Drug Test

Air India Drug Test: एअर इंडिया (Air India) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में एक विमान के टर्बुलेंस (Turbulence) में जाने की घटना के बाद पायलटों की जांच तेज कर दी गई है। इसी जांच के दौरान एअर इंडिया के दो और पायलट शुरुआती ड्रग टेस्ट (Drug Test) में पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, अभी दोनों पायलटों की फाइनल टेस्ट रिपोर्ट (Final Test Report) आना बाकी है। फाइनल रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी और फ्लाइट रोस्टर (Flight Roster) से हटा दिया गया है।

शुरुआती जांच में पॉजिटिव मिले 2 पायलट

ड्रग टेस्ट के दौरान एअर इंडिया के दो पायलट शुरुआती जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। एयरलाइन ने एहतियात के तौर पर फाइनल रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है। यानी इस दौरान दोनों पायलट किसी भी फ्लाइट में जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे।

अब तक एअर इंडिया के 300 से ज्यादा पायलटों का ड्रग टेस्ट (Pilot Drug Testing) कराया जा चुका है। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इन दोनों पायलटों के खिलाफ आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

फाइनल रिपोर्ट के लिए 24 से 48 घंटे या ज्यादा का इंतजार

फिलहाल दोनों पायलटों की फाइनल टेस्ट रिपोर्ट आने में 24 से 48 घंटे या उससे भी ज्यादा समय लग सकता है। अंतिम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शुरुआती जांच में पॉजिटिव पाए गए दोनों पायलटों के मामले में आगे क्या कदम उठाया जाएगा।

जब तक फाइनल रिपोर्ट नहीं आती, तब तक दोनों पायलटों को फ्लाइट रोस्टर से बाहर रखा गया है। यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के बाद बढ़ाई गई जांच

दरअसल, फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक विमान के टर्बुलेंस में जाने की घटना के बाद पायलटों की ड्रग टेस्टिंग को लेकर जांच तेज की गई। इसके बाद एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) के सभी पायलटों के साइकोएक्टिव पदार्थों (Psychoactive Substances) के सेवन से संबंधित जांच कराने की बात कही गई।

इससे पहले फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के मुख्य पायलट की मारिजुआना यानी गांजा (Marijuana) जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 300 फुट नीचे आ गया था। घटना के बाद एयरलाइंस ने सुरक्षा को लेकर पायलटों की व्यापक जांच शुरू करने का फैसला लिया।

5000 से ज्यादा पायलटों की होगी जांच

टाटा ग्रुप की एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस में कुल मिलाकर 5000 से ज्यादा पायलट हैं। एयरलाइंस की ओर से पिछले सप्ताह पायलटों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में कहा गया था कि इस व्यापक जांच में मौजूदा विमानन नियमों के तहत प्रतिबंधित पदार्थों और दवाओं की जांच शामिल होगी। सूत्रों के मुताबिक यह जांच अनिवार्य है।

पायलटों की जांच गुरुग्राम अकादमी में ट्रेनिंग सेशन के दौरान की जाएगी। इसके अलावा उड़ान के बाद फ्लाइट ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के कार्यालयों या संबंधित बेस की ओर से उपलब्ध कराई गई जगहों पर भी टेस्ट किए जाएंगे।

4 अगस्त की घटना के बाद सुरक्षा पर जोर

यह पूरी जांच 4 अगस्त को हुई फुकेत-दिल्ली फ्लाइट संख्या एआई2379 (AI2379) की घटना के बाद और महत्वपूर्ण हो गई है। टर्बुलेंस के कारण एअरबस ए320 (Airbus A320) विमान अचानक करीब 300 फुट नीचे आ गया था। इस घटना में कम से कम 24 यात्री घायल हुए थे।

विमान में 137 यात्री और चालक दल के 8 सदस्यों समेत कुल 145 लोग सवार थे। घटना के बाद विमान के मुख्य पायलट की जांच में गांजा के सेवन की पुष्टि हुई थी।

एयरलाइंस की ओर से यह व्यापक ड्रग टेस्टिंग यात्रियों, हितधारकों और आम लोगों में भरोसा बनाए रखने के साथ-साथ विमानन सुरक्षा (Aviation Safety) के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर की जा रही है। फिलहाल दो पायलटों की शुरुआती रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story