Rajasthan News: अजमेर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक पकड़े

Rajasthan News: अजमेर पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने 25वीं कार्रवाई में पति-पत्नी को पकड़ा, पूछताछ में पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत आने की बात सामने आई।

Newstrack Network
Published on: 2 Sept 2026 10:09 PM IST
Ajmer Police arrests two suspected Bangladeshi nationals in big action
X

अजमेर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक पकड़े (Photo- Social Media)

Rajasthan News: पुलिस मुख्यालय एवं अजमेर रेंज महानिरीक्षक डॉ. रवि के निर्देशानुसार अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों और अन्य घुसपैठियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर जिला पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। जिला पुलिस की विशेष टास्क फोर्स ने अभियान के तहत अपनी 25वीं कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और एक महिला सहित दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया है। इस अभियान के तहत अब तक अजमेर जिले में कुल 59 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है।

जिला पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम ने की तलाश

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अजमेर जिले में अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों और अन्य घुसपैठियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला पुलिस और सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त विशेष टीम को संदिग्ध लोगों की पहचान और तलाश के लिए लगाया गया था।

टीम ने मुखबिर तंत्र के जरिए सूचनाएं जुटाईं। इसके साथ ही तकनीकी साधनों और उपलब्ध जानकारी का इस्तेमाल करते हुए अजमेर के अलग-अलग संभावित इलाकों में संदिग्ध लोगों की तलाश की गई। इसी दौरान पुलिस टीम को दरगाह इलाके में दो संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को दस्तयाब कर लिया।

पूछताछ में खुद को बताया बांग्लादेशी नागरिक

पुलिस के अनुसार दस्तयाब किए गए दोनों संदिग्धों ने पूछताछ में अपने नाम हलीमा खातून और रबीउल इस्लाम बताए। दोनों पति-पत्नी हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक होना बताया है।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने भारत में प्रवेश करने को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। इसके बाद दोनों कुछ समय तक असम और कोलकाता में रहे। बाद में ट्रेन के जरिए अजमेर पहुंचे।

अजमेर में खानाबदोश के रूप में कर रहे थे जीवनयापन

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अजमेर पहुंचने के बाद दोनों खानाबदोश के रूप में जीवनयापन कर रहे थे। पुलिस टीम अब दोनों से उनके भारत में प्रवेश, यहां रहने और अजमेर तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

अजमेर पुलिस की ओर से अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों और अन्य घुसपैठियों की पहचान के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अब तक जिले में 59 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई इस अभियान की 25वीं कार्रवाई बताई गई है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story