32 साल बाद खुला अपहरण का राज! पंजाब पुलिस का पूर्व DSP दोषी करार, क्या होगा सजा का ऐलान?

Amrik Singh Kidnapping Case: पंजाब के लुधियाना में 1992 में हुए अमरीक सिंह अपहरण मामले में मोहाली की CBI अदालत ने पूर्व DSP गुरमीत सिंह को दोषी ठहराया है। इस केस में एक आरोपी बरी हो चुका है और तीन की मौत हो गई है। जानिए 32 साल पुराने मामले की पूरी कहानी।

Shalni Kumari
Published on: 11 Nov 2026 5:18 PM IST
Amrik Singh Kidnapping Case
X

Amrik Singh Kidnapping Case 

Amrik Singh Kidnapping Case: 32 साल पुराने एक अपहरण मामले में आखिरकार अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। तीन दशक से ज्यादा समय तक चली कानूनी लड़ाई के बाद पंजाब पुलिस के एक पूर्व डीएसपी (DSP) को अपहरण (Kidnapping) और आपराधिक साजिश (Criminal Conspiracy) का दोषी ठहराया गया है। मामला साल 1992 का है, जब लुधियाना के एक होटल से अमरीक सिंह को कथित तौर पर पुलिस टीम ने अगवा कर लिया था। अब मोहाली की सीबीआई (CBI) अदालत ने पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को दोषी करार दिया है। इस मामले में सजा कितनी होगी, इसका फैसला 12 नवंबर को सुनाया जाएगा।

होटल से अमरीक सिंह के अपहरण का क्या है मामला?

सीबीआई के मुताबिक, यह घटना 25 नवंबर 1992 की है। आरोप था कि पंजाब पुलिस की एक टीम ने तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में लुधियाना के होटल अमलताश से अमरीक सिंह का अपहरण कर लिया था। इस मामले में अमरीक सिंह के बेटे देविंदर सिंह ने अपने पिता के अपहरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में हलफनामा दाखिल किया था।

इस हलफनामे के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई। जांच एजेंसी ने पहले प्रारंभिक जांच की और फिर 23 फरवरी 2000 को नियमित मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

पांच पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दाखिल हुई थी चार्जशीट

जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 27 नवंबर 2001 को पंजाब पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट (Chargesheet) दाखिल की थी। इनमें तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह के नाम शामिल थे।

अदालत ने 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए थे। इसके बाद मामले में लंबी सुनवाई चली। आखिरकार 11 नवंबर 2026 को मोहाली की सीबीआई अदालत ने पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 और 120बी के तहत दोषी ठहरा दिया।

एक आरोपी बरी, तीन की हो चुकी है मौत

इस मामले में अदालत ने सह आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया है। वहीं, तीन अन्य आरोपी एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह की सुनवाई के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही समाप्त हो गई।

अब इस 32 साल पुराने मामले में अगला अहम पड़ाव 12 नवंबर का है। अदालत इसी दिन दोषी पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह की सजा का ऐलान करेगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story