TRENDING TAGS :
Milk Price Hike: अमूल के बाद मदर डेयरी का दूध भी हुआ महंगा, पूरे देश में बढ़े दाम
milk price hike: Amul व Mother Dairy ने पूरे भारत में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। नई दरों का असर आम लोगों के मासिक बजट और डेयरी कारोबार पर पड़ेगा।
Amul Milk Price Hike: Amul ने देशभर के उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी ने सभी प्रमुख दूध वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने का फैसला लिया है। नई कीमतें 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू हो गई हैं। इस फैसले का सीधा असर करोड़ों परिवारों के मासिक बजट पर पड़ने वाला है, क्योंकि दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत का अहम हिस्सा माना जाता है।
उत्पादन लागत बढ़ने से लिया गया फैसला
अमूल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ महीनों में दूध उत्पादन और संचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। पशुओं के चारे की कीमतों में इजाफा, परिवहन खर्च और अन्य ऑपरेशनल लागत बढ़ने के कारण कंपनी को यह फैसला लेना पड़ा। कंपनी का कहना है कि किसानों और दुग्ध उत्पादकों को उचित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था। जानकारी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी दूध की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में लगभग 3 से 4 प्रतिशत की वृद्धि के बराबर है। कंपनी का दावा है कि बढ़ी हुई कीमत का लाभ सीधे दूध उत्पादकों और डेयरी किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
सभी प्रमुख वेरिएंट होंगे महंगे
नई दरों के तहत अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और अमूल शक्ति सहित सभी प्रमुख वेरिएंट्स महंगे हो जाएंगे। 500 मिलीलीटर और 1 लीटर वाले पैकेट्स पर भी नई कीमतें लागू होंगी। उपभोक्ताओं को अब हर लीटर दूध के लिए 2 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। डेयरी कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि इस बढ़ोतरी का असर केवल घरेलू बजट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चाय, मिठाई, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। छोटे दुकानदारों और होटल व्यवसायियों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
आम लोगों की जेब पर बढ़ेगा बोझ
देश में पहले से बढ़ती महंगाई के बीच दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन सकती है। मध्यम वर्गीय परिवारों और दैनिक जरूरतों पर निर्भर लोगों के लिए घरेलू खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है। खासतौर पर बच्चों वाले परिवारों और डेयरी उत्पादों का अधिक उपयोग करने वाले घरों पर इसका अतिरिक्त असर पड़ेगा। हालांकि कंपनी का कहना है कि किसानों के हितों और डेयरी उद्योग को स्थिर बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। अमूल का यह फैसला ऐसे समय आया है जब देशभर में डेयरी सेक्टर बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव का सामना कर रहा है।
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम, नई कीमतें 14 मई से प्रभावी
अमूल इंडिया के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध के दाम में बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी 2 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से की गई है। कंपनी ने बताया कि नई दरें 14 मई 2026 से प्रभावी हो जाएंगी। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीद की लागत में करीब 6 प्रतिशत की लगातार बढ़ोतरी हुई है। उपभोक्ताओं पर कम असर डालने की कोशिश के बावजूद कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था।
कंपनी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी पूरी लागत के मुकाबले आंशिक है और इसका उद्देश्य किसानों के हित तथा उपभोक्ताओं के बीच संतुलन बनाए रखना है।प्रवक्ता ने कहा कि मदर डेयरी अपने दूध बिक्री से होने वाली कमाई का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों और दूध खरीद पर खर्च करती है। इससे किसानों की आजीविका को समर्थन मिलता है और उपभोक्ताओं को लगातार गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराया जा सकता है।
कंपनी ने बताया कि इससे पहले दूध की कीमतों में आखिरी बार अप्रैल 2025 में संशोधन किया गया था। नई कीमतों के अनुसार, बल्क वेंडेड मिल्क (टोकन मिल्क) का दाम 56 रुपए से बढ़ाकर 58 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। फुल क्रीम दूध अब 70 रुपए की जगह 72 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। टोंड मिल्क की कीमत 58 रुपए से बढ़ाकर 60 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, डबल टोंड मिल्क (लाइव लाइट) अब 52 रुपए के बजाय 54 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत 60 रुपए से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि प्रो मिल्क अब 70 रुपए की जगह 72 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।


