TRENDING TAGS :
अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार: JDU में बढ़ी टेंशन, नीतीश कुमार के पास पहुंचा पूरा विवाद
बिहार MLC चुनाव में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद बढ़ गया है। मामला नीतीश कुमार तक पहुंचा। श्रवण कुमार ने कहा कि यह ठीक नहीं और फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा।
Anant Singh News: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर चल रहा अनंत सिंह और नीरज कुमार का विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह द्वारा पटना ग्रेजुएट सीट पर पार्टी के घोषित उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर प्रचार करने के बाद पार्टी में कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।
जेडीयू विधायक दल के नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने विवाद पर कहा कि यह स्थिति ठीक नहीं है और ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को दे दी गई है। अब इस पर क्या फैसला होगा, यह शीर्ष नेतृत्व तय करेगा।
नीरज को हराने का अनंत सिंह ने किया ऐलान
पटना ग्रेजुएट सीट पर जेडीयू ने अपने मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। लेकिन अनंत सिंह ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह ने कहा है कि वह किसी भी कीमत पर नीरज कुमार को चुनाव नहीं जीतने देंगे।
अनंत सिंह प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नीरज कुमार विधानसभा चुनावों में लगातार उनका विरोध करते रहे हैं। इसी वजह से वह इस बार नीरज कुमार के खिलाफ हैं।
अनंत सिंह का कहना है कि यह उनका और नीरज कुमार का व्यक्तिगत विवाद है और इसका जेडीयू से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह तर्क भी दिया कि विधान परिषद चुनाव में पार्टी का चुनाव चिन्ह नहीं होता, इसलिए उनके समर्थन को पार्टी विरोधी गतिविधि नहीं माना जाना चाहिए।
श्रवण कुमार ने कहा- ‘ऐसा नहीं होना चाहिए’
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बढ़ते विवाद पर जब श्रवण कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह स्थिति अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
यह पूछे जाने पर कि क्या मामला नीतीश कुमार तक पहुंचा है, श्रवण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसकी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने साफ किया कि आगे की कार्रवाई या फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
उमेश कुशवाहा बोले- सभी आठ सीटों पर जीत प्राथमिकता
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी माना कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी पार्टी नेताओं को है। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का मुख्य लक्ष्य बिहार विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करना है।
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह-नीरज विवाद को लेकर पार्टी के स्तर पर विचार किया जा रहा है कि इसे किस तरह संभाला जाए। साथ ही उन्होंने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार की जीत का दावा किया।
ललन सिंह ने विवाद से बनाई दूरी
इस पूरे विवाद में केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह फिलहाल दूरी बनाए हुए दिखाई दे रहे हैं। पटना दौरे के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद पर सवाल किया तो उन्होंने इसे दोनों नेताओं के बीच का मामला बताया और कहा कि इस संबंध में उन्हीं दोनों से सवाल किया जाना चाहिए।
वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने उम्मीद जताई है कि समय रहते विवाद का समाधान हो जाएगा और सभी समस्याओं का निपटारा कर लिया जाएगा।
सियासी तौर पर अहम बात यह है कि अनंत सिंह का खुला विरोध अब सिर्फ दो नेताओं के बीच का विवाद नहीं रह गया है। मामला नीतीश कुमार तक पहुंचने के बाद अब नजर इस बात पर है कि जेडीयू शीर्ष नेतृत्व अनंत सिंह के खिलाफ कोई संगठनात्मक कार्रवाई करता है या विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश करता है।


