'अब JDU में कभी नहीं लौटूंगा', जेल जाने से पहले अनंत सिंह का बड़ा फैसला! विधानसभा नहीं, अब लोकसभा चुनाव की बारी

अनंत सिंह ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने और लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। जानिए नीतीश कुमार, JDU में वापसी और 4 दिसंबर को सरेंडर करने पर क्या बोले छोटे सरकार।

Alakha Singh
Published on: 27 Nov 2026 10:00 PM IST (Updated on: 27 Nov 2026 10:00 PM IST)
अब JDU में कभी नहीं लौटूंगा, जेल जाने से पहले अनंत सिंह का बड़ा फैसला! विधानसभा नहीं, अब लोकसभा चुनाव की बारी
X

Anant Singh News: बिहार की सियासत में बाहुबली नेता और मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि अगर राजनीतिक परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगला चुनाव लोकसभा का लड़ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में वापसी की संभावनाओं को भी खारिज कर दिया है।

बेटी शिवांगी की शादी के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कई राजनीतिक और निजी मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। अनंत सिंह ने कहा कि वह आज भी नीतीश कुमार को भगवान मानते हैं, लेकिन उनके खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी मुख्यमंत्री को नहीं है।

4 दिसंबर को कोर्ट में करेंगे सरेंडर, दुलारचंद यादव हत्याकांड में रद्द हुई है जमानत

अनंत सिंह ने बताया कि वह 4 दिसंबर को पटना सिविल कोर्ट परिसर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर करेंगे। इसके बाद उन्हें जेल जाना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत रद्द कर दी थी। शीर्ष अदालत ने बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने में पूरी करने का निर्देश भी दिया है।

दुलारचंद यादव की हत्या अक्टूबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में हुई थी। वह जन सुराज से जुड़े थे। इस मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उन्हें दोबारा जेल जाना होगा।

अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। जेल से बाहर आने के बाद वह बिहार के अलग-अलग इलाकों का दौरा करेंगे और जनता के बीच जाएंगे।

मोकामा में उपचुनाव हुआ तो बेटा लड़ेगा या कोई और, फैसला जनता करेगी

विधानसभा की सदस्यता पर संभावित कार्रवाई और मोकामा में उपचुनाव के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि अब वह खुद विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी नजर लोकसभा चुनाव पर है। हालांकि, मोकामा सीट पर उपचुनाव की स्थिति बनने पर उम्मीदवार कौन होगा, इसका फैसला जनता से पूछकर किया जाएगा।

बेटे को चुनाव लड़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला बेटा खुद करेगा। अनंत सिंह का दावा है कि विधायक बनने के बाद उनके खिलाफ करीब 70 मुकदमे दर्ज किए गए और उन्हें गलत मामलों में फंसाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में विधायक रहते हुए उन्हें करीब 12 साल जेल में बिताने पड़े। इसलिए बेटा राजनीति में उतरने का फैसला खुद सोच-समझकर करेगा।

नीतीश कुमार को भगवान मानते हैं, लेकिन JDU में कभी नहीं लौटेंगे

अनंत सिंह ने जनता दल यूनाइटेड से अपने रिश्ते को लेकर भी स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था, लेकिन पार्टी के दूसरे नेताओं ने उन्हें बाहर कर दिया। अब जेडीयू में वापस जाने की उनकी कोई योजना नहीं है।

उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार आज भी मेरे नेता और भगवान हैं।" हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी नीतीश कुमार को नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं रहती और उन्हें कई बातें याद नहीं रहती हैं। ऐसे में उनके खिलाफ हुई कार्रवाई में नीतीश कुमार का नाम लेना उचित नहीं है।

दरअसल, जेडीयू ने अक्टूबर 2026 में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। पार्टी ने उन पर अनुशासनहीनता और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने का आरोप लगाया था। अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार का समर्थन किया था।

सरकारी आवास भी कर दिया खाली

अनंत सिंह ने बातचीत में बताया कि उन्होंने पटना स्थित सरकारी आवास भी खाली कर दिया है। बेटी शिवांगी की शादी के सफल आयोजन पर उन्होंने खुशी जताई और समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों तथा सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि शादी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे उन्हें जनता का प्यार देखने को मिला। अब शादी की खुशियों के बाद वह अदालत के आदेश का पालन करते हुए सरेंडर करेंगे।

अनंत सिंह के इस ऐलान के कई सियासी मायने हैं। एक तरफ उन्होंने विधानसभा की राजनीति से दूरी बनाने का संकेत दिया है, तो दूसरी तरफ लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर बिहार की राजनीति में अपनी अगली पारी का संकेत दे दिया है। वहीं, नीतीश कुमार के प्रति सम्मान जताने के बावजूद जेडीयू में वापसी से इनकार करना भी राज्य की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story