Andaman Nicobar News: डेयरी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा अंडमान-निकोबार, उपराज्यपाल ने दिए पशुपालन को बढ़ावा देने के निर्देश

Andaman Nicobar News: उपराज्यपाल ने चारा फार्म का उद्घाटन कर पशुधन बीमा, नस्ल सुधार और पशु सखियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, गोबर से उत्पाद बनाने की योजना पर भी जोर।

Newstrack Network
Published on: 26 Nov 2026 8:50 PM IST (Updated on: 26 Nov 2026 8:50 PM IST)
Andaman-Nicobar to become self-reliant in dairy sector, directives to promote animal husbandry
X

डेयरी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा अंडमान-निकोबार, पशुपालन को बढ़ावा देने के निर्देश (Photo- Newstrack)

Andaman Nicobar News: श्री विजयपुरम, 26 नवंबर। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि का आधार बनाने पर जोर दिया। बुधवार को उन्होंने डॉलीगंज स्थित आदर्श चारा वृक्ष फार्म का उद्घाटन किया। इसके बाद टैगोर कॉलेज, श्री विजयपुरम में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का शुभारंभ किया और पशुपालकों को प्रोत्साहित किया।


आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता

उपराज्यपाल ने 1.89 एकड़ यानी 7,650 वर्ग मीटर में विकसित आदर्श चारा वृक्ष फार्म का निरीक्षण किया। यहां स्थानीय जलवायु के अनुकूल 16 प्रजातियों के चारा वृक्ष और छह प्रजातियों की चारा घास लगाई गई हैं। इसके अलावा वैकल्पिक पशु आहार के रूप में एजोला और हाइड्रोपोनिक चारा भी प्रदर्शित किया गया। उन्होंने इन तकनीकों का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि गाय, भैंस और बकरियों के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था हो सके।


समारोह में उपराज्यपाल ने गोवंश प्रजनन नीति का विमोचन किया और एएनआईडीसीओ के विकसित छाछ, खोया और तीन तरह की लस्सी का शुभारंभ किया। उन्होंने पांच पशुपालकों को पशु पोषण किट, पांच को पशुधन बीमा प्रमाणपत्र और दस पशु सखियों को प्रमाणपत्र, पुस्तक एवं बैग देकर सम्मानित किया।


पशु सखियों को मिलेगा 3000 रुपये मासिक मानदेय

उपराज्यपाल ने कहा कि सीमित संसाधनों और मुख्यभूमि से दूध की आपूर्ति पर निर्भरता को देखते हुए स्थानीय दुग्ध उत्पादन बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने पशु सखियों को गांव-गांव जाकर पशुओं की देखभाल, प्राथमिक उपचार और पशुपालन संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही उनके काम की निगरानी के लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाने का सुझाव दिया, जहां वे तस्वीरों के साथ अपने कार्यों का विवरण अपलोड कर सकें। उन्होंने बताया कि पशु सखियों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है और करीब 60 प्रतिशत महिलाओं को प्रशिक्षण मिल चुका है।


पशुधन बीमा और उन्नत नस्लों पर जोर

उन्होंने बताया कि पशुधन बीमा योजना में सरकार 85 प्रतिशत प्रीमियम देती है, जबकि पशुपालक को केवल 15 प्रतिशत योगदान करना होता है। उन्होंने सभी पशुपालकों से इसका लाभ लेने की अपील की। साहीवाल और गिर नस्ल के करीब 500 गोवंश लाने की प्रस्तावित पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान और नस्ल सुधार पर जोर दिया। प्रति पशु प्रतिदिन 12 से 14 लीटर दूध उत्पादन के लक्ष्य की दिशा में विभाग के प्रयासों की सराहना की।


गोबर से बनेंगे टाइल्स और खपरैल, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

उपराज्यपाल ने गोबर से टाइल्स, खपरैल और अन्य उपयोगी उत्पाद बनाने के साथ गोमूत्र संग्रह और गोबर गैस संयंत्रों से ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर काम करने को कहा। उन्होंने गुजरात के अमूल और बनासकांठा डेयरी मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि दूध प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित उत्पादों से रोजगार बढ़ाया जा सकता है।


उन्होंने दूध देना बंद करने के बाद पशुओं को सड़कों पर छोड़ने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और पशुओं की टैगिंग, मालिकों की पहचान तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाकर पर्याप्त चरागाह विकसित करने को कहा। लखनऊ में अपने महापौर कार्यकाल के दौरान विकसित 65 एकड़ के कान्हा उपवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने ग्राम पंचायत या दो-तीन गांवों के सामूहिक प्रयास से ऐसी व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया।

कृषि भूमि बचाने और स्थानीय उत्पादन बढ़ाने की अपील

उन्होंने द्वीपसमूह में घटते कृषि क्षेत्र पर चिंता जताते हुए बची हुई कृषि भूमि को संरक्षित करने की बात कही। किसानों से व्यावसायिक फसलों के साथ फल, सब्जियां और अनाज उगाने की अपील की, ताकि मुख्यभूमि से खाद्य पदार्थों पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लगातार क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सांसद बिष्णु पद रे, मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती, श्री विजयपुरम नगर परिषद की अध्यक्ष एम. वसन्ता, जिला परिषद अध्यक्ष पी. उम्मर, सचिव पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाएं पल्लवी सरकार, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्व गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्वेता सुगांठन सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपराज्यपाल ने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक, बेहतर पशु चिकित्सा सेवाओं और सामुदायिक भागीदारी से अंडमान एवं निकोबार डेयरी और पशुपालन के क्षेत्र में आदर्श उदाहरण बनेगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story