Andaman Nicobar News: डॉ. दिनेश शर्मा ने छठ मेले में पूजा कर श्रद्धालुओं को दीं शुभकामनाएं

Andaman Nicobar News: डॉ. दिनेश शर्मा ने छठ मेले में पूजा कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति सम्मान, त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

Newstrack Network
Published on: 15 Nov 2026 10:41 PM IST
Dr. Dinesh Sharma performs puja at Chhath Mele and gives greetings to devotees
X

डॉ. दिनेश शर्मा ने छठ मेले में पूजा कर श्रद्धालुओं को दीं शुभकामनाएं (Photo- Newstrack)

Andaman Nicobar News: अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने छठ मेले में शामिल होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान, त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है।

उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं को दीं छठ महापर्व की शुभकामनाएं

श्री विजयपुरम स्थित लोक निवास में 15 नवंबर 2026 को छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा शामिल हुए। पूर्व राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने छठ मेला कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन का अद्भुत संगम है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान रखने, जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और समाज के कल्याण की भावना से काम करने का संदेश देता है।


त्याग, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है छठ महापर्व

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व में भगवान सूर्य को उदय और अस्त, दोनों अवस्थाओं में अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा जीवन के शाश्वत सत्य को दर्शाती है। इससे यह संदेश मिलता है कि जिसका उदय हुआ है, उसका अस्त होना भी निश्चित है। यह परंपरा जीवन के हर पड़ाव को स्वीकार करने की सीख देती है।


उन्होंने कहा कि इस महापर्व पर माताएं और बहनें लगातार चार दिनों तक कठिन व्रत रखती हैं और कड़े अनुशासन का पालन करती हैं। वे अपने परिवार, संतान, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करती हैं। छठ का यह पर्व त्याग, तपस्या, समर्पण और पारिवारिक मूल्यों का अनुपम उदाहरण है।


कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के सांसद विष्णु पदा रे, मुख्य सचिव, पुलिस अधीक्षक ज्ञानेश भारती, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, वरिष्ठ राजनेता जयप्रकाश और अनिल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सचिव और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


उल्लेखनीय है कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पहली बार छठ महापर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस मौके पर उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को भी रेखांकित किया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story