TRENDING TAGS :
न हवन हुआ, न मंत्र पढ़े गए...अनिरुद्ध-काव्या ने बिल्कुल अलग तरह से की शादी, आखिर क्या है 'सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज'?
Anirudh Kavya Wedding : अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने ग्रीस में सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज की। जानिए क्या है यह विवाह परंपरा?
Anirudh Kavya Maran Wedding
Anirudh Kavya Wedding: आईपीएल (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन और मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है। ग्रीस में 11 नवंबर को हुई इस शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है। लेकिन इस शादी में सिर्फ फिल्मी सितारों और बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ही खास नहीं थी, बल्कि शादी का तरीका भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। दरअसल, इस जोड़े ने पारंपरिक हिंदू विवाह की बजाय 'सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज' (Self-Respect Marriage) की परंपरा अपनाई।
शादी में न पंडित बुलाया गया और न पढ़े गए वैदिक मंत्र
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिरुद्ध और काव्या की शादी में न तो कोई पंडित मौजूद था और न ही पारंपरिक तरीके से वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। शादी में सात फेरों जैसी पारंपरिक रस्मों के बजाय दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और चेन का आदान-प्रदान किया। इस समारोह में मंगलसूत्र की रस्म भी निभाई गई। तस्वीरों में अनिरुद्ध काव्या के गले में चेन पहनाते नजर आए। दोनों परिवारों और करीबी लोगों की मौजूदगी में इस शादी की रस्में पूरी हुईं।
डीएमके नेता ने बताई शादी की खास परंपरा
इस शादी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे थे कि आखिर अनिरुद्ध और काव्या ने किस परंपरा के तहत विवाह किया है। इसके बाद डीएमके के आईटी विंग के सचिव टीआरबी राजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों ने 'सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज' की है। टीआरबी राजा के मुताबिक, काव्या और अनिरुद्ध ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद सुपरस्टार रजनीकांत ने काव्या को और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अनिरुद्ध को एक-एक चेन दी। फिर दोनों ने एक-दूसरे को चेन पहनाई। परिवार और दोस्तों ने इस नए रिश्ते को आशीर्वाद दिया।
आखिर क्या होती है सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज?
सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज को तमिल भाषा में 'सुयमरियाथाई थिरुमनम' कहा जाता है। इस विवाह परंपरा की शुरुआत तमिलनाडु में समाज सुधारक ईवी रामासामी पेरियार के सेल्फ रिस्पेक्ट मूवमेंट से जुड़ी है।
इस परंपरा का उद्देश्य जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और विवाह में धार्मिक कर्मकांडों की अनिवार्यता को चुनौती देना था। इसमें शादी करने वाले दोनों लोग एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार करते हैं। इसके लिए पंडित, हवन या वैदिक मंत्रों की अनिवार्यता नहीं होती। दोनों एक-दूसरे को माला पहना सकते हैं, अंगूठी या थाली (मंगलसूत्र) का आदान-प्रदान कर सकते हैं। तमिलनाडु में इस विवाह पद्धति को 1967 में हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन के जरिए कानूनी मान्यता दी गई थी। इसका मकसद विवाह में दोनों व्यक्तियों की सहमति और समानता को महत्व देना था।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा रिसेप्शन
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने ग्रीस में परिवार और करीबी मेहमानों की मौजूदगी में शादी की। इस समारोह में सुपरस्टार रजनीकांत और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। अब इस शादी के बाद 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें फिल्म, राजनीति, कारोबार और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।


