30 लाख का TV और 11.56 लाख का झूमर... केजरीवाल के 'शीशमहल' का मीडिया टूर | देखें VIDEO

दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास 'शीशमहल' का मीडिया टूर कराया, जहां 30 लाख की टीवी यूनिट और 11.56 लाख का झूमर समेत महंगे सामान दिखाए गए।

Sachin Singh
Published on: 27 Nov 2026 3:38 PM IST
30 लाख का TV और 11.56 लाख का झूमर... केजरीवाल के शीशमहल का मीडिया टूर | देखें VIDEO
X

Sheesh Mahal: दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी जिस बंगले को 'शीशमहल' कहती है, दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को उसे मीडिया के लिए खोल दिया। मीडिया को बंगले के अंदर ले जाकर वहां मौजूद महंगे सामान दिखाए गए।

इस दौरान टीवी यूनिट से लेकर झूमर, मंदिर और सोफे तक पर उनकी कीमतों के टैग लगाए गए थे। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसे सरकारी पैसे के इस्तेमाल का मामला बताते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस पूरे मीडिया टूर को यमुना की बदहाली के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।

30 लाख का टीवी, 11.56 लाख का झूमर और 6.71 लाख का मंदिर

शुक्रवार को मीडिया को 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले का दौरा कराया गया। इस दौरान दिल्ली सरकार ने वहां रखे कई सामानों की कीमतें भी दिखाई। इनमें 30 लाख रुपये की टीवी यूनिट, 11.56 लाख रुपये का झूमर, 6.71 लाख रुपये का मंदिर और 5.47 लाख रुपये का दो लोगों के बैठने वाला सोफा शामिल था।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने NDTV से बातचीत में कहा कि सरकार सिर्फ यह दिखाना चाहती है कि अरविंद केजरीवाल ने जनता के पैसे का इस्तेमाल किस तरह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल पहले कहते थे कि वे सरकारी गाड़ी और सरकारी आवास का इस्तेमाल नहीं करेंगे, लेकिन बाद में इसी बंगले पर 56 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए।

'लोग कोविड में मर रहे थे और बंगले का रेनोवेशन हो रहा था'

प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के दौरान, जब लोग अपनी जान गंवा रहे थे, उस समय इस सरकारी आवास को नया रूप दिया जा रहा था। बता दें कि प्रवेश वर्मा ने 2025 के विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया था। केजरीवाल 2013 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

मीडिया टूर के दौरान प्रवेश वर्मा ने बंगले के एक कमरे को 'फेसबुक लाइव रूम' बताया। उन्होंने वहां रखी लकड़ी की एक कुर्सी दिखाई, जिसकी सीट फटी हुई थी। मंत्री ने कहा कि केजरीवाल इसी कमरे से फेसबुक लाइव करते थे और जनता को दिखाते थे कि वे कितनी सादगी से रहते हैं। वर्मा ने इस कमरे को दिखाते हुए दावा किया कि यहां सब कुछ बहुत साधारण था।

बंगले में 8 बेडरूम, 12 टॉयलेट और स्पा जैसी सुविधाएं

सरकारी आवास का रखरखाव लोक निर्माण विभाग करता है। इस बंगले में आठ बेडरूम, 12 टॉयलेट, जैकुजी बाथ, स्पा और पांच OLED टीवी समेत कई सुविधाएं मौजूद हैं। अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक मुख्यमंत्री रहते हुए इसी बंगले में रहे थे। बीजेपी ने इस आवास को 'शीशमहल' नाम दिया था और इसके जरिए आम आदमी पार्टी पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे।

दिल्ली सरकार का कहना है कि जनता की मांग को देखते हुए भविष्य में इस बंगले को आम लोगों के देखने के लिए भी खोला जा सकता है।

AAP का पलटवार- यमुना के प्रदूषण से ध्यान भटकाना चाहती है सरकार

बीजेपी के आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी ने भी सरकार पर पलटवार किया है। AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकारी आवास को लोगों के लिए खोलने का फैसला यमुना नदी के प्रदूषण के मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश है।

उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे किसी भी दूसरे मुद्दे पर बात कर सकते हैं, लेकिन यमुना को लेकर उठ रहे सवालों से बच नहीं सकते। भारद्वाज ने कहा कि पार्टी सरकार से पूछती रहेगी कि यमुना की हालत ऐसी क्यों है और हजारों मछलियों की मौत कैसे हुई। उन्होंने साफ कहा कि AAP इस मुद्दे से ध्यान नहीं हटने देगी।

CAG रिपोर्ट में 33.66 करोड़ रुपये खर्च होने का जिक्र

केजरीवाल के सरकारी आवास के रेनोवेशन को लेकर CAG की रिपोर्ट में भी खर्च का जिक्र किया गया है। यह रिपोर्ट दिल्ली विधानसभा में पेश की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, तत्कालीन मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का नवीनीकरण 33.66 करोड़ रुपये में पूरा हुआ, जो शुरुआती अनुमानित लागत से 342 फीसदी ज्यादा था।

रिपोर्ट में बताया गया कि कुल 33.66 करोड़ रुपये में से 18.88 करोड़ रुपये 'बेहतर गुणवत्ता, कलात्मक, एंटीक और सजावटी' सामानों पर खर्च किए गए। इसके अलावा बंगले में अतिरिक्त आवास की व्यवस्था, कैंप ऑफिस और स्टाफ ब्लॉक में किए गए बदलावों को लेकर भी PWD की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए गए।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story