TRENDING TAGS :
ओवैसी नामर्द हैं और मोदी महिलाओं को... क्यों भड़कीं कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद? लगाए गंभीर आरोप
असदुद्दीन ओवैसी की पवन खेड़ा की पत्नी कोटा नीलिमा पर की गई टिप्पणी से कांग्रेस नाराज है।
Owaisi vs Congress: हैदराबाद के सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा को लेकर ओवैसी की टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने उन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ओवैसी के बयान की निंदा करते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा ने ओवैसी के बारे में कुछ कहा था, तो उन्हें इसका जवाब पवन खेड़ा को देना चाहिए था। लेकिन उन्होंने पवन खेड़ा की पत्नी को बीच में घसीट लिया।
शमा मोहम्मद बोलीं- ओवैसी नामर्द हैं
शमा मोहम्मद ने ओवैसी पर हमला बोलते हुए कहा, "पवन जी ने ओवैसी के बारे में कुछ बोला था। ओवैसी को पवन जी को जवाब देना चाहिए था। लेकिन उन्होंने क्या किया? पवन जी की पत्नी को बीच में लेकर आ गए। यह दिखाता है कि यह जो ओवैसी हैं, वह नामर्द हैं। यह भारतीय संस्कृति का पालन नहीं करते हैं।"
शमा मोहम्मद ने यहीं बात खत्म नहीं की। उन्होंने ओवैसी की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी कर दी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और नरेंद्र मोदी में कोई फर्क नहीं है। दोनों ही महिलाओं और दूसरों की पत्नियों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह महिलाओं को राजनीतिक विवाद में घसीटना भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के एक पुराने बयान का भी जिक्र किया, हालांकि उस बयान के बारे में उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी।
पवन खेड़ा पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने पत्नी को लेकर की थी टिप्पणी
दरअसल, पूरा विवाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी की सक्रियता पर पवन खेड़ा की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। पवन खेड़ा ने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा था कि जैसे एक फिल्म का नाम 'मैं तुलसी तेरे आंगन की' था, वैसे ही लखनऊ में एक नई फिल्म बन रही है- 'मैं ओवैसी तेरे आंगन का'।
पवन खेड़ा की इस टिप्पणी के जवाब में ओवैसी ने एक सभा के दौरान उनका नाम लिए बिना उनकी पत्नी कोटा नीलिमा का जिक्र किया। ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में कांग्रेस के एक नेता ने उनके बारे में बयान दिया है। उन्हें अपने घर और अपनी पत्नी की चिंता करनी चाहिए।
ओवैसी ने कोटा नीलिमा के चुनाव लड़ने और उनकी जमानत जब्त होने का जिक्र करते हुए कहा, 'प्यारे अपनी बेगम की फिक्र कर ले। हम मर्द लोगों के करीब आ गए तो नुकसान होगा। हम तुम्हारे बड़ों से मुकाबला कर रहे हैं। बच्चे बीच में नहीं आओ।'
तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ने भी मांगी माफी
ओवैसी की टिप्पणी पर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ओवैसी को पवन खेड़ा की आलोचना करने, कांग्रेस पार्टी से सवाल पूछने और उसकी राजनीतिक विचारधारा से असहमति जताने का पूरा अधिकार है। लेकिन राजनीतिक हिसाब बराबर करने के लिए किसी महिला की गरिमा का अपमान करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महेश कुमार गौड़ ने ओवैसी से अपना बयान वापस लेने और कोटा नीलिमा से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा की राजनीतिक टिप्पणी का जवाब राजनीतिक तरीके से दिया जाना चाहिए था, न कि उनकी पत्नी को निशाना बनाकर।
इस बयानबाजी के बाद ओवैसी और कांग्रेस के बीच विवाद और बढ़ गया है। एक तरफ ओवैसी ने पवन खेड़ा की टिप्पणी के जवाब में उनकी पत्नी को लेकर बयान दिया, तो दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने इसे महिलाओं की गरिमा से जोड़ते हुए ओवैसी से माफी की मांग की है।


