TRENDING TAGS :
कितना ताकतवर है आर्मर्ड ट्रुप ट्रांसपोर्ट? RDX हो या रॉकेट लॉन्चर, अब इंडियन आर्मी का बाल भी बांका नहीं कर पाएंगे आतंकी
पुलवामा हमले के बाद अशोक लीलैंड ने सुरक्षा बलों के लिए खास आर्मर्ड ट्रुप ट्रांसपोर्ट (ATT) व्हीकल तैयार किया है।
Armoured Troop Transport: आतंकियों के हमले के बीच अब सुरक्षा बलों के जवानों को बचाने के लिए भारत में एक खास बख्तरबंद गाड़ी तैयार की गई है। इसे अशोक लीलैंड ने बनाया है। इस आर्मर्ड ट्रुप ट्रांसपोर्ट (ATT) व्हीकल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हमले के दौरान जवानों की सुरक्षा के साथ-साथ ऑपरेशन को भी जारी रखा जा सके। इसकी खासियत यह है कि अगर आतंकियों की गोलीबारी में इसके टायर खराब हो जाएं, तब भी गाड़ी आगे बढ़ सकती है। इसमें 360 डिग्री घूमने वाला गन टरेट, निगरानी कैमरे और कमांड सेंटर जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यानी यह सिर्फ जवानों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वाली गाड़ी नहीं, बल्कि चलते-फिरते ऑपरेशन सेंटर की तरह काम कर सकती है।
पुलवामा हमले के बाद मिली थी गाड़ी बनाने की जिम्मेदारी
इस खास बख्तरबंद गाड़ी की जरूरत 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले के बाद और ज्यादा महसूस की गई। उस दिन जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर पुलवामा जिले के लेथपोरा इलाके में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद गृह मंत्रालय ने अतिसंवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की आवाजाही को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए विशेष वाहन तैयार कराने का फैसला लिया।
इसी के तहत अशोक लीलैंड को स्पेशल आर्मर्ड ट्रुप ट्रांसपोर्ट व्हीकल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके लिए कंपनी के साथ करीब 187.24 करोड़ रुपये का अनुबंध किया गया था। लगभग सात साल की मेहनत के बाद कंपनी ने यह खास वाहन तैयार किया है। इसके पहले चरण में 124 एटीटी व्हीकल बनाने का ऑर्डर दिया गया था।
360 डिग्री घूमने वाली गन से लैस है गाड़ी
इस एटीटी की सबसे खास खूबियों में से एक इसमें लगा गन माउंटेड टरेट है। यह 360 डिग्री तक घूम सकता है। इसका मतलब है कि ऑपरेशन के दौरान जवान गाड़ी के अंदर सुरक्षित रहते हुए अलग-अलग दिशाओं में जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं।
इसके अलावा इसमें पैन-टिल्ट-जूम यानी PTZ सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से गाड़ी के अंदर बैठे जवान आसपास के पूरे इलाके पर नजर रख सकते हैं। इससे ऑपरेशन के दौरान बाहर निकले बिना निगरानी करना आसान होगा।
टायर फटने के बाद भी नहीं रुकेगी गाड़ी
आतंकी हमलों के दौरान अक्सर सुरक्षा बलों के वाहनों को निशाना बनाने के लिए टायरों पर गोलियां चलाई जाती हैं। लेकिन इस एटीटी में रन-फ्लैट टायर सिस्टम दिया गया है। इसकी मदद से टायर क्षतिग्रस्त होने या हवा निकलने के बाद भी वाहन आगे बढ़ सकता है। यानी हमले के दौरान टायर खराब होने पर भी जवानों को बीच रास्ते में रुकने की मजबूरी नहीं होगी।
इसमें हैवी-ड्यूटी HVAC क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम भी दिया गया है, जिससे अलग-अलग मौसम और तापमान में वाहन के अंदर का माहौल बेहतर रखा जा सके।
गाड़ी के अंदर ही बनेगा कमांड सेंटर
यह एटीटी सिर्फ जवानों को सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं है। इसे इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर और कंट्रोल यूनिट के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे अनमैन्ड ग्राउंड व्हीकल (UGV) और ड्रोन के साथ जोड़कर भी ऑपरेशन चलाया जा सकता है।
इसका मतलब है कि सुरक्षा बल एक ही जगह से ड्रोन और जमीन पर चलने वाले बिना चालक के वाहनों के साथ तालमेल बनाकर अभियान चला सकते हैं। इस तरह यह गाड़ी जवानों की आवाजाही, निगरानी और ऑपरेशन के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद कर सकती है।
124 गाड़ियों की डिलीवरी, 28 जवान कर सकेंगे सफर
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गृह मंत्रालय की ओर से पहले चरण में 124 एटीटी व्हीकल बनाने का ऑर्डर दिया गया था। अशोक लीलैंड ने 18 नवंबर को इन वाहनों की डिलीवरी सुरक्षा बलों को कर दी है।
एक एटीटी व्हीकल में करीब 28 जवानों के बैठने की व्यवस्था है। कुल 124 वाहनों में से 109 सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) को दिए गए हैं, जबकि बाकी 15 वाहन बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) को सौंपे गए हैं।
पूरी तरह मेड इन इंडिया कॉन्सेप्ट पर तैयार इस बख्तरबंद गाड़ी को सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स (CMVR) से भी प्रमाणित किया गया है। इसे खास तौर पर आतंकवाद विरोधी अभियानों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।


