कितने ताकतवर हैं PM मोदी? भारत की पावर देख टेंशन में पाक-चीन, सामने आया होश उड़ाने वाला रिपोर्ट

Lowy Institute की Asia Power Index 2026 रिपोर्ट में भारत को एशिया का तीसरा सबसे ताकतवर देश बताया गया है।

Sachin Singh
Published on: 23 Nov 2026 4:42 PM IST
कितने ताकतवर हैं PM मोदी? भारत की पावर देख टेंशन में पाक-चीन, सामने आया होश उड़ाने वाला रिपोर्ट
X

Asia Power Index 2026: एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व क्षमता को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। Lowy Institute की Asia Power Index 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत एशिया का तीसरा सबसे ताकतवर देश बना हुआ है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। खास बात यह है कि 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद पहली बार भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंचा है। हालांकि, चीन की कुल ताकत अभी भी भारत से करीब 80 फीसदी ज्यादा है।

एशिया के ताकतवर देशों में भारत तीसरे नंबर पर

Lowy Institute की इस रिपोर्ट में अमेरिका और चीन के बाद भारत को तीसरा स्थान मिला है। भारत ने लगातार अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का बढ़ता आर्थिक भविष्य, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा संबंध और सांस्कृतिक पहुंच उसकी ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

भारत का कुल स्कोर 40.5 अंक है, जबकि चीन का स्कोर 73.6 अंक है। इस तरह दोनों देशों के बीच अंतर पहले के मुकाबले कम हुआ है। रिपोर्ट में भारत के लिए भविष्य के आर्थिक संसाधनों और क्षेत्रीय प्रभाव को लेकर संभावनाएं भी मजबूत बताई गई हैं।

PM मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी नेता

इस रिपोर्ट की सबसे खास बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैंकिंग है। Lowy Institute ने मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना है। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों की राय में मोदी की स्थिति बेहतर हुई है। उनके नेतृत्व में भारत ने एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाया है। हालांकि, रिपोर्ट ने यह भी कहा कि खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के दौरान भारत की सीमित कूटनीतिक भूमिका के कारण प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर आकलन में कुछ गिरावट आई है।

ब्रह्मोस मिसाइल और रक्षा संबंधों से बढ़ा भारत का प्रभाव

भारत की बढ़ती ताकत के पीछे रक्षा क्षेत्र में मजबूत होते संबंधों को भी अहम वजह बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की बढ़ती रक्षा भागीदारी और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती मिली है।

इसका असर भारत की रैंकिंग पर भी दिखा है। रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में भारत की सैन्य क्षमता में भी मामूली सुधार दर्ज किया गया है।

भारतीय संस्कृति का प्रभाव भी बढ़ा

Lowy Institute की रिपोर्ट में भारत के सांस्कृतिक प्रभाव में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस मामले में भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय संस्कृति की पहुंच, सूचना का आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से भारत की स्थिति मजबूत हुई है।

इसके अलावा, भारत के क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंध भी अपेक्षाकृत स्थिर बने हुए हैं। ऐसे समय में जब एशिया के कई देशों के आर्थिक संबंधों के स्कोर में गिरावट आई, भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा जिनका प्रदर्शन इस मामले में स्थिर रहा।

भारत के सामने ये चुनौतियां भी

रिपोर्ट में भारत की उपलब्धियों के साथ कुछ कमजोरियों का भी जिक्र किया गया है। इसमें रुपये की कमजोर होती स्थिति, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ओर से अर्थव्यवस्थाओं को मापने के तरीके में बदलाव और विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट शामिल है।

भारत की आर्थिक क्षमता के स्कोर में 0.7 अंक की कमी आई है। हालांकि, भविष्य के आर्थिक संसाधनों के मामले में भारत का स्कोर बढ़ा है। रिपोर्ट का मानना है कि भारत के पास आगे बढ़ने के अवसर दूसरे कई एशियाई देशों के मुकाबले ज्यादा हैं।

कैसे तैयार होती है Asia Power Index की रिपोर्ट?

Lowy Institute हर साल Asia Power Index के जरिए एशिया में देशों की ताकत और प्रभाव का आकलन करता है। 2026 की रिपोर्ट में 27 देशों और क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके लिए 131 संकेतकों और ताकत के आठ पैमानों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, देश की मजबूती, भविष्य के संसाधन, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा नेटवर्क, आर्थिक संबंध और सांस्कृतिक प्रभाव शामिल हैं।

रिपोर्ट में 'पावर यील्ड' का भी आकलन किया जाता है। इसका मतलब है कि किसी देश के पास मौजूद संसाधनों के आधार पर जितनी ताकत होने की उम्मीद की जाती है और वास्तव में उसका कुल प्रभाव जितना है, उनके बीच कितना अंतर है। भारत का यह अंतर कम हुआ है, लेकिन उसका कुल पावर यील्ड अभी भी नकारात्मक है। यानी उपलब्ध संसाधनों के मुकाबले भारत का वास्तविक क्षेत्रीय प्रभाव अभी उसकी संभावित क्षमता से कम है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story