बावला, पाखंडी और धूर्त! धीरेंद्र शास्त्री पर भड़कें बाबा रामदेव, बोले- हिंदुओं को बचाने चला, पहले खुद को बचा ले

योग गुरु बाबा रामदेव ने जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बाबा बागेश्वर के नाम से मशहूर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला।

Sachin Singh
Published on: 23 Nov 2026 6:29 PM IST (Updated on: 23 Nov 2026 6:29 PM IST)
बावला, पाखंडी और धूर्त! धीरेंद्र शास्त्री पर भड़कें बाबा रामदेव, बोले- हिंदुओं को बचाने चला, पहले खुद को बचा ले
X

Baba Ramdev: योग गुरु बाबा रामदेव और कथावाचक बाबा बागेश्वर यानी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच जुबानी टकराव की चर्चा तेज हो गई है। बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा निशाना साधा और उन्हें 'बावला', 'पाखंडी' और 'धूर्त' तक कह दिया। उन्होंने प्रेत बाधा के नाम पर दरबार लगाने और देवी-देवताओं की तुलना करने को लेकर भी सवाल उठाए। रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म को बचाने की बात करने वाले लोगों को पहले खुद को संभालना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से भी ऐसे कथावाचकों और धर्म के नाम पर आडंबर करने वालों से सावधान रहने की अपील की।

जमशेदपुर के मंच से रामदेव ने साधा निशाना

बाबा रामदेव रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम की ओर से आयोजित प्रांतीय महासम्मेलन में पहुंचे थे। यहां मंच से उन्होंने कुछ कथावाचकों और धर्म के नाम पर भीड़ जुटाने वालों पर सवाल उठाए। रामदेव ने कहा कि कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन और उपनिषद की जानकारी रखते हैं। उन्हें कुरान, रामायण, महाभारत, संविधान और लोकतंत्र की भी समझ नहीं है, फिर भी मंच पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।

रामदेव ने कहा, 'कहते हैं हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे, अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।' उन्होंने आगे कहा कि लोगों को गलत बातों, गलत व्यक्तियों और गलत विचारों के साथ खुद को नहीं जोड़ना चाहिए।

प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराने का आरोप

रामदेव ने अपने भाषण में प्रेत बाधा और भूत-प्रेत के नाम पर लगाए जाने वाले दरबारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के किसी एक छोटे से पक्ष को पकड़कर लोगों को उत्तेजित करना और धर्म के नाम पर उनका शोषण करना गलत है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग बाल फैलाकर और इधर-उधर झटके देकर लोगों के अंदर भूत-प्रेत होने का दावा करते हैं। फिर पानी छिड़ककर कहते हैं कि समस्या दूर हो गई। रामदेव के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से लोगों के बीच धार्मिक उन्माद पैदा किया जाता है और उनका शोषण होता है।

महिलाओं को बताया ऐसे पाखंड का सबसे बड़ा शिकार

बाबा रामदेव ने कहा कि धर्म के नाम पर होने वाले ऐसे पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार मां, बहन और बेटियां होती हैं। उन्होंने महिलाओं को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की सलाह दी।

रामदेव ने कहा कि धर्म के नाम पर किसी को भी लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। उनके मुताबिक, सनातन धर्म की आड़ में आडंबर और ढोंग को बढ़ावा देना गलत है।

राम-कृष्ण की तुलना पर भी जताई नाराजगी

अपने भाषण में रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी को भी भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना नहीं करनी चाहिए। उन्होंने इस संदर्भ में कथावाचन के दौरान की गई उस टिप्पणी का जिक्र किया, जिसमें राम को महान और कृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताया गया था।

रामदेव ने कहा कि बाद में माफी मांग लेने और बांके बिहारी के सामने मत्था टेक देने से ऐसी टिप्पणी सही नहीं हो जाती। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि देवी-देवताओं के बारे में हंसी-मजाक में भी अपमानजनक बातें नहीं करनी चाहिए। हर चीज की एक मर्यादा और प्रोटोकॉल होता है।

बोले- इसलिए मंच से बोलना पड़ा

रामदेव ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति गलत बात करता है तो पहले उसे व्यक्तिगत तौर पर समझाने की कोशिश की जाती है। लेकिन जब बात नहीं समझी जाती, तो मंच से बोलना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि आगे कोई यह सवाल उठाए कि स्वामी रामदेव के सामने सनातन के नाम पर पाखंड होता रहा और उन्होंने कुछ नहीं कहा।

उन्होंने साफ कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग, पाखंड और आडंबर को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। रामदेव के इस बयान के बाद बाबा बागेश्वर के नाम से मशहूर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर उनकी टिप्पणी चर्चा में आ गई है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story