'पाखंडी' कहने के बाद बाबा रामदेव का यू-टर्न, धीरेंद्र शास्त्री को बताया छोटा भाई

Baba Ramdev on Dhirendra Shastri: 'धूर्त', 'पाखंडी' और 'बावला' जैसे शब्दों से हमला करने के बाद योग गुरु बाबा रामदेव के सुर बदल गए हैं। अब उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपना छोटा भाई और बालक बताते हुए पूरे विवाद पर विराम लगाने की अपील की है।

Alakha Singh
Published on: 24 Nov 2026 6:02 PM IST (Updated on: 24 Nov 2026 6:17 PM IST)
पाखंडी कहने के बाद बाबा रामदेव का यू-टर्न, धीरेंद्र शास्त्री को बताया छोटा भाई
X

नई दिल्ली: योग गुरु बाबा रामदेव और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। कुछ दिन पहले तक धीरेंद्र शास्त्री पर सार्वजनिक मंच से तीखे हमले कर रहे बाबा रामदेव ने अब सफाई देते हुए कहा है कि बागेश्वर बाबा उनके छोटे भाई और शिष्य के समान हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि देवी-देवताओं की तुलना, धार्मिक टिप्पणियों और सनातन धर्म के नाम पर फैलाए जा रहे कथित पाखंड से थी।

रामदेव ने कहा कि उन्हें कुछ बातें गलत लगीं और उनसे वह आहत हुए, इसलिए उन्होंने पूरे अधिकार के साथ धीरेंद्र शास्त्री को डांटा। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने भी उनकी फटकार को प्यार समझकर स्वीकार किया। ऐसे में दोनों के समर्थकों को इस मामले में विवाद बढ़ाने से बचना चाहिए। बाबा रामदेव के इस बयान के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।



'अकेले में कई बार समझाया, इसलिए सार्वजनिक मंच से बोलना पड़ा'

बाबा रामदेव ने अपनी सफाई में कहा कि किसी को ट्रोल करना या उसकी निंदा करना उनका मकसद नहीं है। बड़ों की जिम्मेदारी होती है कि वे किसी की गलती पर उसे समझाएं और जरूरत पड़ने पर टोकें। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को अकेले में कई बार समझाया जा चुका था, लेकिन जब बात नहीं बनी तो सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर करनी पड़ी।

रामदेव ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसी बात कहने का दुख है। अब इस विवाद को यहीं खत्म कर देना चाहिए और दोनों तरफ के समर्थकों को इसे बेवजह तूल नहीं देना चाहिए।

भगवान के नाम पर भेदभाव से आहत थे रामदेव

योग गुरु ने कहा कि भगवान के नाम पर जाति, वर्ग और समुदाय के बीच भेदभाव पैदा करना समाज को तोड़ने का काम कर रहा है। वह इससे बेहद आहत हैं। उनका कहना था कि सनातन धर्म को पाखंड और अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सनातन धर्म के मूल्य बेहद ऊंचे हैं और इसे किसी भी तरह की दिखावेबाजी या आडंबर से बचाना जरूरी है।

चार दिन पहले एक मंच पर थे दोनों, फिर कैसे बिगड़ी बात?

इस विवाद की शुरुआत से पहले बाबा रामदेव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुंडा में एक ही मंच पर नजर आए थे। वहां रामदेव ने शास्त्री की तारीफ भी की थी। लेकिन बाद में जमशेदपुर में आयोजित महिला पतंजलि योग समिति के कार्यक्रम में रामदेव ने बिना नाम लिए उन पर तीखा हमला बोला।

रामदेव की नाराजगी की वजह भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना से जुड़ी धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणी थी। रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना को अनुचित बताते हुए धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी थी। उन्होंने भूत-प्रेत बाधा के नाम पर होने वाले कथित पाखंड और लोगों के शोषण पर भी सवाल उठाए थे।

धीरेंद्र शास्त्री ने भी दिया जवाब, बोले- आलोचना भी स्वीकार

इस पूरे विवाद पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी 24 नवंबर को प्रतिक्रिया दी। पंजाब के पठानकोट में हनुमंत कथा के दौरान उन्होंने बाबा रामदेव को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि चार दिन पहले उन्होंने हमारी प्रशंसा की थी और अब निंदा कर रहे हैं। हमें दोनों स्वीकार हैं।

उन्होंने कहा कि रामदेव हमेशा उन्हें स्नेह देते आए हैं। उनके मन में बाबा रामदेव के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है। शास्त्री ने यहां तक कहा कि उनकी आलोचना भी उनके लिए आशीर्वाद के समान है। उन्होंने संतों पर टिप्पणी नहीं करने और हिंदुओं को जोड़ने की बात भी कही।

इस तरह तीखी बयानबाजी से शुरू हुआ विवाद अब दोनों संतों के नरम रुख के बाद शांत होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने सनातन धर्म, धार्मिक मर्यादा और कथावाचकों की सार्वजनिक बयानबाजी को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story