Bakrid 2026: बकरीद से पहले UP में छाया ‘युवराज’! ₹31 लाख के भैंसे की डाइट सुन उड़ जाएंगे होश

Bakrid 2026 UP Yuvraj Buffalo: बकरीद 2026 से पहले यूपी के हापुड़ में ₹31 लाख के ‘युवराज’ भैंसे की चर्चा। जानें इसकी शाही डाइट, कीमत और क्यों उमड़ रही है भीड़।

Jyotsana Singh
Published on: 26 May 2026 2:48 PM IST (Updated on: 26 May 2026 3:23 PM IST)
bakrid 2026 yuvraj buffalo worth rs 31 lakh royal diet hapur up animal market
X

Bakrid 2026 UP Yuvraj Buffalo 

Bakrid 2026 UP Yuvraj Buffalo: ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश के पशु बाजारों की रौनक भी बढ़ती जा रही है। कहीं बकरे लोगों का ध्यान खींच रहे हैं तो कहीं ऊंट और भैंसे चर्चा का विषय बने हुए हैं। लेकिन इस बार हापुड़ के असौड़ा पशु बाजार में एक ऐसे ‘वीआईपी भैंसे’ ने एंट्री मारी है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। करीब 31 लाख रुपये कीमत वाले इस विशालकाय भैंसे को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। कोई उसकी ताकत देखकर दंग है तो कोई उसके खान-पान और शाही ठाठ सुनकर हैरान है। हापुड़ के असौड़ा स्थित पशु बाजार में पहुंचे इस भैंसे का नाम ‘युवराज’ बताया जा रहा है। पशु व्यापारी आमिर इसे लेकर बाजार में पहुंचे हैं। उनका दावा है कि यह भैंसा सामान्य जानवरों से बिल्कुल अलग है और इसकी देखभाल किसी बड़े सेलिब्रिटी की तरह की जाती है। यही वजह है कि इसकी कीमत भी लाखों में पहुंच गई है।

रोजाना की खुराक सुनकर लोग रह जा रहे हैरान

व्यापारी आमिर के मुताबिक, ‘युवराज’ की डाइट किसी आम पशु जैसी नहीं है। यह भैंसा रोजाना करीब 10 लीटर दूध पीता है। सुबह और शाम उसे 5-5 लीटर दूध दिया जाता है। इसके अलावा उसकी ताकत बनाए रखने के लिए रोज 2 किलो शुद्ध देसी घी भी खिलाया जाता है।

सिर्फ इतना ही नहीं, उसकी डाइट में ड्राई फ्रूट्स, चुनी, चोकर और पौष्टिक दाने भी शामिल हैं। व्यापारी का कहना है कि भैंसे की सेहत और चमक बनाए रखने के लिए हर दिन करीब दो घंटे तक उसकी खास मालिश की जाती है। यही वजह है कि उसका शरीर बेहद चमकदार और ताकतवर नजर आता है।

बाजार में लग रही सेल्फी लेने वालों की लाइन

31 लाख रुपये कीमत वाले इस भैंसे को देखने के लिए बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इसके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी ‘युवराज’ की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। व्यापारी आमिर का कहना है कि अब तक इस भैंसे की 21 लाख रुपये तक बोली लग चुकी है, लेकिन वह इसे 31 लाख रुपये से कम में बेचने को तैयार नहीं हैं। उनका मानना है कि इतनी खास नस्ल, ताकत और देखभाल वाले भैंसे की कीमत इससे कम नहीं हो सकती।

बकरीद से पहले गुलजार हुए पशु बाजार

हर साल बकरीद से पहले उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के पशु बाजारों में खास रौनक देखने को मिलती है। लोग कुर्बानी के लिए अपनी पसंद के जानवर खरीदते हैं। कई जगहों पर लाखों रुपये कीमत वाले बकरे और भैंसे लोगों के आकर्षण का केंद्र बन जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी नस्ल, मजबूत शरीर, ऊंचाई, वजन और खान-पान के आधार पर पशुओं की कीमत तय होती है। कई व्यापारी महीनों तक खास देखभाल कर इन जानवरों को तैयार करते हैं ताकि त्योहार के दौरान उन्हें अच्छी कीमत मिल सके।

हालांकि, बदलते दौर में महंगे और वीआईपी जानवरों की बढ़ती मांग ने इस त्योहार को कहीं-कहीं प्रतिस्पर्धा और दिखावे से भी जोड़ दिया है।

कई सामाजिक और धार्मिक जानकार मानते हैं कि कुर्बानी का असली मकसद दिखावा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और त्याग की भावना को मजबूत करना है। इसके बावजूद हर साल ऐसे महंगे जानवर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाते हैं।

फिलहाल हापुड़ का यह ‘युवराज’ पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बाजार में आने वाला हर शख्स एक बार इसे जरूर देखना चाहता है, कि आखिर कौन इस 31 लाख रुपये के ‘वीआईपी भैंसे’ को खरीदकर अपने घर ले जाता है।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story