13 नवंबर को बैंक जाने का प्लान है तो रुकिए! जानें कहां बंद रहेंगी शाखाएं

Bank Holiday 13 November 2026: 13 नवंबर 2026 को वांगाला फेस्टिवल के कारण मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार समेत बाकी राज्यों में बैंक खुले रहेंगे या नहीं और नवंबर में आगे कब-कब छुट्टी होगी।

Shalni Kumari
Published on: 12 Nov 2026 11:47 AM IST
13 November Bank Holiday
X

13 November Bank Holiday

Bank Holiday 13 November 2026: अगर आप शुक्रवार, 13 नवंबर को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की जानकारी जरूर चेक कर लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, कल देश के सभी राज्यों में बैंक बंद नहीं रहेंगे। सिर्फ मेघालय में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा, जबकि बाकी राज्यों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। ऐसे में जान लीजिए कि मेघालय में बैंक क्यों बंद रहेंगे और नवंबर महीने में आगे किन तारीखों पर बैंक की छुट्टी पड़ने वाली है।

13 नवंबर को मेघालय में क्यों बंद रहेंगे बैंक?

शुक्रवार, 13 नवंबर को मेघालय में वांगाला फेस्टिवल (Wangala Festival) के कारण बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान राज्य में सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक समेत अन्य बैंक शामिल हैं। मेघालय के अलावा देश के किसी दूसरे राज्य में इस दिन बैंक बंद रहने की छुट्टी निर्धारित नहीं है।

क्या है वांगाला फेस्टिवल?

वांगाला फेस्टिवल (Wangala Festival) मेघालय के गारो समुदाय का पारंपरिक फसल उत्सव (Harvest Festival) है। इसे 100 ड्रम फेस्टिवल (100 Drums Festival) के नाम से भी जाना जाता है। इस त्योहार की जड़ें गारो जनजाति की सदियों पुरानी कृषि परंपराओं से जुड़ी हैं। फसल कटाई के बाद अच्छी पैदावार के लिए सूर्य देवता मिसी सालजोंग के प्रति आभार जताने के उद्देश्य से यह उत्सव मनाया जाता है।

मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में मनाए जाने वाले इस त्योहार की शुरुआत रागुला नाम की रस्म से होती है। इस दौरान गांव के मुखिया के घर पर पारंपरिक पूजा की जाती है। इसके बाद उत्सव में शामिल होने वाले लोग रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहनते हैं और पंखों से सजे मुकुट लगाते हैं। पुरुष पारंपरिक ढोल दामा बजाते हैं, जबकि महिलाएं ढोल की थाप पर लोकनृत्य करती हैं। इस तरह पूरा इलाका संगीत और नृत्य के रंग में रंग जाता है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में खुले रहेंगे बैंक

13 नवंबर को मेघालय को छोड़कर देश के बाकी राज्यों में बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

नवंबर 2026 में इन तारीखों पर भी बंद रहेंगे बैंक

नवंबर महीने में 13 तारीख के बाद भी अलग-अलग राज्यों में कई त्योहारों और विशेष अवसरों के चलते बैंक बंद रहने वाले हैं। 16 नवंबर को छठ पूजा (Chhath Puja) के अवसर पर बिहार और झारखंड में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। इस पर्व पर छठ व्रती सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं।

इसके बाद 20 नवंबर को इगास-बग्वाल (Igas Bagwal) के कारण उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे। यह राज्य का पारंपरिक लोकपर्व है। वहीं, 23 नवंबर को सेंग कुट स्नेम (Seng Kut Snem) त्योहार के चलते मेघालय में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।

नवंबर की आखिरी बड़ी बैंक छुट्टियों में 24 नवंबर की तारीख शामिल है। इस दिन गुरु नानक जयंती (Guru Nanak Jayanti) और कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) के अवसर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, बैंक छुट्टियां राज्य और स्थानीय त्योहारों के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी की जानकारी जरूर जांच लें।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story