पांच सितारा होटल के पूल में मौत का करंट! दो विदेशी नागरिकों की गई जान

Bengaluru Hotel Swimming Pool Accident: बेंगलुरु के पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में करंट फैलने से जर्मनी और स्लोवाकिया के दो नागरिकों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं।

Shalni Kumari
Published on: 31 Oct 2026 1:02 PM IST
Bengaluru Swimming Pool Accident
X

Bengaluru Swimming Pool Accident 

Bengaluru Hotel Swimming Pool Accident: बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल (Five Star Hotel) में स्विमिंग पूल (Swimming Pool) में नहाना दो विदेशी नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। शुक्रवार शाम पूल में अचानक बिजली का करंट (Electric Shock) फैल गया। इसकी चपेट में आने से जर्मनी और स्लोवाकिया के दो नागरिकों की मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंचे एक अमेरिकी पर्यटक और होटल के कर्मचारी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है।

जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिकों की हुई मौत

यह घटना शुक्रवार शाम बेंगलुरु के हलासुरु (उल्सूर) इलाके में स्थित एक पांच सितारा होटल में हुई। पुलिस के मुताबिक, होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में दो विदेशी नागरिक नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें बिजली का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वात के रूप में हुई है। थाइस लुफ्थांसा एयरलाइन के चालक दल के सदस्य थे, जबकि होर्वात आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर काम करते थे। दोनों इसी होटल में ठहरे हुए थे।

बचाने पहुंचे अमेरिकी नागरिक और होटल कर्मचारी भी झुलसे

पूल में दोनों विदेशी नागरिकों को करंट लगने के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई। इस दौरान 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और होटल में पूल अटेंडेंट व लाइफगार्ड के तौर पर काम करने वाले 28 वर्षीय राहुल तिवारी भी करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद चारों को तुरंत मणिपाल अस्पताल (Manipal Hospital) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों घायलों का इलाज शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी नागरिक मैथ्यू और होटल कर्मचारी राहुल की हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।

स्विमिंग पूल में कैसे फैला करंट? जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में स्विमिंग पूल में बिजली का करंट फैलने की बात सामने आई है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि पूल में करंट पहुंचा कैसे।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं बिजली के उपकरणों, पूल की लाइटिंग या अन्य तकनीकी व्यवस्था में कोई खराबी तो नहीं थी। इसके साथ ही होटल में सुरक्षा के इंतजामों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story