TRENDING TAGS :
गुजरात में मौत का तांडव! ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, 6 कर्मचारियों नें गंवाई जान
Bhavnagar Road Accident: गुजरात के भावनगर में त्रापज के पास तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर मौत हुई, जबकि एक गंभीर घायल है।
Bhavnagar Road Accident
Bhavnagar Road Accident: गुजरात के भावनगर जिले में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भावनगर के पास त्रापज के नजदीक हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड से जुड़े थे सभी मृतक
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बोलेरो में सवार सभी लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के दो अलग-अलग प्लॉट के स्टाफ सदस्य थे। हादसे की खबर सामने आने के बाद, मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया।
गंभीर रूप से घायल जयेशभाई अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में जयेशभाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें भावनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए शहर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
फिलहाल जयेशभाई का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
छह शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए
इस एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही हादसे की परिस्थितियों और कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो तेज रफ्तार में थी और त्रापज के पास आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर के कारण बोलेरो में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ है।


