TRENDING TAGS :
NEET Re Exam 2026: सम्राट चौधरी का मास्टरस्ट्रोक! बिहार में नीट परीक्षार्थियों के लिए बड़ा ऐलान, एग्जाम के लिए सफर होगा फ्री
NEET Re Exam 2026: सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्यभर में नीट परीक्षार्थियों के लिए सभी सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
Samrat Choudhary
NEET Re Exam 2026: बिहार सरकार ने नीट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्यभर में नीट परीक्षार्थियों के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी। परीक्षा देने के लिए बिहार के किसी भी जनपद से दूसरे जिले जाने वाले छात्रों को सरकारी बसों में कोई किराया नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। उन्होंने लिखा कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, मंदिरों, मठों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में सहयोग करें।
सरकार के इस फैसले से छात्रों में खुशी का माहौल है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों और दूर-दराज जिलों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने वाले छात्रों को इससे काफी राहत मिलने वाली है। यदि कोई छात्र मोतिहारी, गया, भागलपुर या किसी अन्य जिले से पटना या दूसरे शहर में परीक्षा देने जा रहा है, तो उसे सरकारी बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। नीट परीक्षा 2026 को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था। अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। एजेंसी के नोटिफिकेशन के अनुसार, नीट री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी।
इसी बीच एनटीए ने छात्रों के लिए एक और महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। एजेंसी ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए एक विशेष पोर्टल शुरू किया है, जहां छात्र अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर सकते हैं। यह सुविधा 22 मई से 27 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को अपना नाम, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड और बैंक का नाम दर्ज करना होगा। बिहार सरकार की इस पहल को छात्रों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों परीक्षार्थियों को आर्थिक और यात्रा संबंधी राहत मिलेगी।


