Bihar Cabinet Expansion 2026: पटना के गांधी मैदान में मंच पर पहुंचे पीएम मोदी और नीतीश, कैबिनेट विस्तार में 32 मंत्री ले रहें हैं शपथ

Bihar Cabinet Expansion 2026: पटना के गांधी मैदान में एनडीए सरकार का बड़ा कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में पहुंचे। बीजेपी, जेडीयू, एलजेपीआर और HAM के 32 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

Aditya Kumar Verma
Published on: 7 May 2026 12:25 PM IST (Updated on: 7 May 2026 12:27 PM IST)
Bihar Cabinet Expansion 2026:  पटना के गांधी मैदान में मंच पर पहुंचे पीएम मोदी और नीतीश, कैबिनेट विस्तार में 32 मंत्री ले रहें हैं शपथ
X

Bihar Cabinet Expansion 2026: बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। इस भव्य शपथग्रहण समारोह को लेकर राजधानी पटना में सुबह से ही राजनीतिक हलचल तेज है। समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गांधी मैदान पहुंच चुके हैं। अब कुछ ही देर में नए मंत्रियों का शपथग्रहण शुरू होने वाला है।

इस कैबिनेट विस्तार को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के अंदर लंबे समय से मंथन चल रहा था। अब जिन नामों पर सहमति बनी है, उनमें बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड के बड़े नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी मौका दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस विस्तार के जरिए एनडीए सरकार आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती का बड़ा संदेश देने की तैयारी में है।

बीजेपी और जेडीयू से 16-16 मंत्री लेंगे शपथ

सूत्रों के मुताबिक एनडीए सरकार के इस बड़े कैबिनेट विस्तार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड से 16-16 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही गठबंधन में शामिल दूसरे दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।

जानकारी के अनुसार बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और हम (HAM) के कोटे से कुल 32 विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना भेज दी गई है। जिन नेताओं को कॉल आया है, उनके समर्थकों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है।

विजय सिन्हा और नीतीश मिश्रा जैसे नाम शामिल

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजेपी कोटे से विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा समेत 15 नेताओं को मंत्री पद की शपथ के लिए सूचना दी गई है। पार्टी ने इस बार अनुभवी नेताओं के साथ संगठन से जुड़े चेहरों को भी प्राथमिकता दी है।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि बीजेपी इस विस्तार के जरिए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश कर रही है, ताकि सरकार और संगठन दोनों को मजबूत किया जा सके।

जेडीयू में पुराने और नए चेहरों का संतुलन

वहीं जनता दल यूनाइटेड की तरफ से भी पुराने और नए नेताओं का मिश्रण देखने को मिल रहा है। जेडीयू कोटे से श्रवण कुमार और लेसी सिंह जैसे अनुभवी नेताओं के साथ श्वेता गुप्ता जैसे नए नामों को भी मौका दिया गया है।

माना जा रहा है कि पार्टी युवा और नए चेहरों को आगे लाकर भविष्य की राजनीति को ध्यान में रखते हुए बड़ा संदेश देना चाहती है। यही वजह है कि इस बार कई ऐसे नाम सामने आए हैं, जिनकी पहले ज्यादा चर्चा नहीं थी।

HAM और एलजेपी को भी मिला प्रतिनिधित्व

एनडीए सरकार के इस विस्तार में सहयोगी दलों को भी जगह दी गई है। हम (HAM) की तरफ से संतोष सुमन को शपथ लेने की सूचना मिली है। वहीं एलजेपीआर (LJPR) के कोटे से भी दो नेताओं को मंत्री बनने का संदेश पहुंच चुका है।

गठबंधन के भीतर सभी दलों को प्रतिनिधित्व देकर एनडीए नेतृत्व ने यह साफ संकेत देने की कोशिश की है कि सरकार में सभी सहयोगियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

निशांत कुमार के नाम को लेकर भी चर्चा तेज

इस पूरे कैबिनेट विस्तार के बीच सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि उनके भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर उनके नाम की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। अगर ऐसा होता है तो बिहार की राजनीति में इसे एक बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जाएगा।

संगठन और संतुलन को साधने की कोशिश

बताया जा रहा है कि एनडीए सरकार के इस मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय, क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन को खास तौर पर ध्यान में रखा गया है। गठबंधन की कोशिश है कि सरकार में हर वर्ग और क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिले, ताकि राजनीतिक संदेश भी मजबूत तरीके से जाए।

पटना के गांधी मैदान में होने वाला यह शपथग्रहण समारोह केवल कैबिनेट विस्तार नहीं, बल्कि एनडीए सरकार के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी ने इस पूरे कार्यक्रम को और ज्यादा राजनीतिक रूप से अहम बना दिया है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story