TRENDING TAGS :
बुलो मंडल कौन हैं? 5 बार विधायक और पूर्व सांसद, जिन्हें सम्राट कैबिनेट में मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानें उनका पूरा बैकग्राउंड
Bulo Mandal Bihar Cabinet: बिहार कैबिनेट विस्तार में जदयू विधायक बुलो मंडल को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। उनके क्षेत्र गोपालपुर में खुशी का माहौल है।
Bulo Mandal Bihar Cabinet
Bulo Mandal Bihar Cabinet: बिहार में होने वाले कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस विस्तार में भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक Shailesh Kumar alias Bulo Mandal को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। वे पहली बार मंत्री बनने जा रहे हैं, जिससे उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक सफर: राजद से जदयू तक का सफर
बुलो मंडल(Bulo Mandal) का राजनीतिक जीवन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से की थी और कई बार विधायक रह चुके हैं। बाद में वे जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए। वर्ष 2000 में उन्होंने पहली बार बिहपुर विधानसभा सीट से विधायक बनकर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। इसके बाद 2005 के दोनों चुनावों में भी उन्होंने जीत हासिल की। 2014 में राजद के टिकट पर उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा और भागलपुर से जीत दर्ज की, जहां उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता शाहनवाज हुसैन को हराया था। हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने राजद छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया।
जदयू में मजबूत पकड़ और गोपालपुर से जीत
वर्तमान में बुलो मंडल जदयू के एक मजबूत ओबीसी नेता माने जाते हैं और गंगोता समुदाय में उनकी अच्छी पकड़ है। 2025 विधानसभा चुनाव में जदयू ने गोपाल मंडल का टिकट काटकर उन्हें गोपालपुर सीट से उम्मीदवार बनाया, जहां उन्होंने जीत हासिल की। उनकी छवि एक आक्रामक लेकिन जनसमर्थक नेता की रही है, जिन्होंने हमेशा किसानों और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाई है। इसी वजह से उन्हें क्षेत्र में मजबूत जनाधार प्राप्त है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और पारिवारिक संबंध
बुलो मंडल(Bulo Mandal) भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम उपेंद्र मंडल है। उनकी पत्नी वर्षा रानी भी राजनीति से जुड़ी रही हैं और 2015 में बिहपुर सीट से विधायक चुनी गई थीं। उनका राजनीतिक सफर यह दर्शाता है कि वे लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका निभाते आए हैं।
कैबिनेट विस्तार को लेकर उत्साह
बिहार कैबिनेट विस्तार के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह प्रक्रिया हो रही है। ऐसे में बुलो मंडल को मंत्री बनाए जाने की खबर ने गोपालपुर और नवगछिया क्षेत्र में खुशी की लहर पैदा कर दी है।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
मंत्री बनाए जाने की संभावना से उनके समर्थकों में उत्साह है और स्थानीय स्तर पर जश्न का माहौल देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और पिछड़े वर्गों की आवाज सरकार तक और मजबूती से पहुंचेगी।


